पीसीए स्टेडियम मोहाली में सैयद मुश्ताक अली टी-ट्वंटी क्रिकेट ट्राफी में शनिवार को दो मुकाबले खेले गए। पंजाब ने जेएंडके को रोमांचक मुकाबले में सुपर ओवर में हराया।
वहीं हरियाणा ने हिमाचल को 7 विकेट से हराकर नॉकआउट के लिए क्वालीफाई किया। अब नार्थ जोन से दिल्ली और हरियाणा नॉकआउट के लिए क्वालीफाई कर गए हैं।
पंजाब और जेएंडके के बीच मैच बेहद रोमांचक हुआ। पंजाब की टीम ने पहले खेलते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 144 रन बनाए। गितांश ने 37 और गुरकीरत मान ने 23 रन बनाए।
गेंदबाजी में परवेज रसूल ने 3 और वसीम राजा ने 2 विकेट लिए। जवाब में जेएंडके की टीम भी 20 ओवर में 144 के स्कोर पर सिमट गई। इस तरह स्कोर लेवल हो गया। अंत में फैसला सुपर ओवर के जरिए हुआ। इसमें जेएंडके ने सुपर ओवर में 12 रन बनाए। जवाब में पंजाब ने 13 रन बनाकर मैच जीत लिया।
हरियाणा ने नॉकआउट में प्रवेश किया :
दूसरे मुकाबले में हिमाचल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में नौ विकेट पर 146 रन बनाए। ऋषि धवन ने 44 गेंदों पर पांच चौके और दो छक्कों की मदद से 65 रन बनाए।
उनके अलावा सुमित वर्मा ने 28 रनों का योगदान दिया। एवी पटेल ने 35 रन बनाए। गेंदबाजी में जोगिंदर शर्मा और केआर हुड्डा के खाते में दो-दो विकेट आए।
जवाब में हरियाणा ने 19.2 ओवर में तीन विकेट पर 148 रन बनाकर मैच जीत लिया। टीम से जीए सिंह ने 48 रन बनाए। इस पारी में छह चौके और एक छक्का शामिल रहा। एस राणा ने 39 और एए बरोट ने 28 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी में हिमाचल से एएन चौहान ने दो और वीएस मलिक ने एक विकेट लिया।