चेतेश्वर पुजारा और आलराउंडर स्टुअर्ट बिन्नी के शानदार नाबाद अर्द्धशतक ने डर्बी में खेले जा रहे डर्बीशायर के खिलाफ दूसरे तीन दिवसीय अभ्यास मैच के दूसरे दिन बुधवार को भारतीय टीम ने अपनी स्थिति मजबूत कर ली।
डर्बीशायर ने अपनी पहली पारी 5 विकेट पर 326 रन का विशाल स्कोर बनाकर घोषित कर दी।
जवाब में टीम इंडिया ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 6 विकेट पर 341 रन बनाकर अपनी पारी घोषित कर दी। स्टुअर्ट बिन्नी 81 रन और अजिंक्य रहाणे 13 रन बनाकर क्रीज पर डटे थे।
कप्तान धोनी संग पुजारा ने की शतकीय साझेदारी
इससे पहले भारत की शुरुआत खराब रही और दोनों ओपनर शिखर धवन (6) और मुरली विजय (6) जल्द ही पवेलियन लौट गए।
महज 18 रन पर 2 विकेट गिरने के बाद चेतेश्वर पुजारा और विराट कोहली ने तीसरे विकेट के लिए 63 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला। कोहली 91 गेंदों में 5 चौकों के साथ 36 रन बनाकर बोल्ड हो गए।
लेकिन दूसरे छोर पर डटे चेतेश्वर पुजारा ने एक छोर संभाले रखा। पुजारा ने कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के साथ चौथे विकेट के लिए 116 रनों की साझेदारी की। पुजारा 81 के निजी स्कोर पर रिटायर हर्ट हुए जबकि धोनी 46 के निजी स्कोर पर वेनराइट का शिकार हुए। इसके बाद रविंद्र जडेजा ने 45 रन का योगदान दिया। डर्बीशायर की पहली पारी में भारत की ओर से जडेजा ने सर्वाधिक 2 विकेट चटकाए थे।
टॉप टेन में टीम इंडिया के 2 दिग्गज बल्लेबाज
टेस्ट क्रिकेट में विश्वसनीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा और ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन बुधवार को जारी ताजा आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में सातवें स्थान के साथ बल्लेबाजों और गेंदबाजों में शीर्ष भारतीय बने हुए हैं।
बल्लेबाजों में पुजारा 819 रेटिंग अंकों के साथ सातवें स्थान पर हैं जबकि अश्विन 744 रेटिंग अंकों के साथ गेंदबाजी में सातवें स्थान पर हैं।
टीम इंडिया के उपकप्तान विराट कोहली 10वें स्थान के साथ टॉप टेन बल्लेबाजों में दूसरे भारतीय हैं। गेंदबाजों में अश्विन के बाद लेफ्ट आर्म स्पिनर प्रज्ञान ओझा हालांकि दूसरे सर्वश्रेष्ठ भारतीय गेंदबाज हैं। मौजूदा भारतीयों में इशांत शर्मा 23वें, रवींद्र जडेजा 26वें और मोहम्मद शमी 33वें स्थान पर हैं।