आउट ऑफ फॉर्म चल रहे धाकड़ क्रिकेटर युवराज सिंह को एक और झटका लगा है। पहले वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और फिर आईपीएल में अपने खराब फॉर्म से लगातार दबाव में थे लेकिन अब एक और बड़ी खबर ने उन्हें तोड़ कर रख दिया है।
लंबे प्रयास और दुखदाई इलाज के बाद उन्होंने पिछले साल कैंसर जैसी खतरनाक बीमारी से निजात पाई थी लेकिन अब उनके पिता योगराज सिंह को कैंसर होने की खबर है।
अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस में छपी खबर के अनुसार युवराज के पिता को गले का कैंसर है और वह इलाज करा रहे हैं।
कुछ महीने पहले पता चला था कैंसर के बारे में
पूर्व टेस्ट क्रिकेटर योगराज सिंह इस समय न्यूयॉर्क में हैं जहां उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल ऑपरेशन कर उनके शरीर से ट्यूमर को निकाल दिया गया है।
युवराज के 56 वर्षीय पिता योगराज के वोकल कार्ड में कैंसर के बारे में कुछ महीने पहले ही पता चला था। इसके बाद वह न्यूयॉर्क के एक डॉक्टर से इलाज करवा रहे थे।
लेकिन बाद में उनकी आवाज बैठ गई और उन्हें सांस लेने में काफी दिक्कत होने लगी। साथ ही लगातार खांसी ने उन्हें परेशान करना शुरू कर दिया। इसके बाद परिवार ने अमेरिका ले जाकर इलाज करवाने का फैसला लिया।
योगराज ने नहीं मानी युवराज की सलाह
योगराज सिंह की पत्नी सतवीर कौर ने इस अंग्रेजी अखबार को बताया कि उन्होंने अक्सर गले में दर्द और खांसी की शिकायत की थी। लेकिन उन्होंने यह कभी नहीं बताया कि ऐसा क्यों हो रहा है। जब वह दवा लेते और तो ठीक हो जाते। लेकिन जब दिक्कत बढ़ गई तो उन्होंने अपनी समस्या हमें बताई।
युवराज सिंह ने ही अपने पिता को यह सलाह भी दी कि वह उसी अस्पताल में इलाज कराएं जहां उन्होंने कीमोथैरेपी कराई थी।
लेकिन पूर्व क्रिकेटर योगराज ने एक विशेषज्ञ डॉक्टर के सुझाए अस्पताल में इलाज कराने का फैसला किया। जहां डॉक्टरों ने योगराज को सुझाव दिया कि उन्हें अभी कीमोथैरेपी कराने की जरूरत नहीं है, लेकिन ट्यूमर हटाने के लिए ऑपरेशन कराना पड़ेगा।
योगराज के ठीक होने तक बात करने पर रोक
डॉक्टरों की सलाह के बाद योगराज सिंह ने गले का ऑपरेशन करवाया जो सफल रहा। अब वह वहीं अमेरिका में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। योगराज ने युवराज की मां शबनम सिंह से तलाक लेने के बाद सतवीर कौर से विवाह कर लिया था।
युवराज और सतवीर दोनों ही योगराज की रिकवरी को लेकर लगातार संपर्क में रहे। उनकी पत्नी ने कहा, "ऊपरवाले को धन्यवाद। ट्यूमर लगभग 20 दिन पहले ही हटा दिया गया था। अब वह रिकवरी कर रहे हैं। हालांकि उन्हें हिदायत दी गई है कि जब तक वे पूरी तरह से ठीक न हो जाएं, वह किसी से बात न करें।"
साथ ही उन्हें सलाह दी गई है कि वे अपने फिलहाल अपने वोकल कार्ड का इस्तेमाल न करें। योगराज लगातार अपने परिवार और अपने आश्रित मनन वोहरा (किंग्स इलेवन पंजाब के सलामी बल्लेबाज) से वाट्सऐप के जरिए टच में रहे हैं। साथ ही आईपीएल फाइनल से पहले उन्होंने वोहरा को अपनी शुभकामना भी भेजी थी।