मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के आखिरी टेस्ट पर पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) उनकी यादों को सजा कर रखने में कोई कसर नही छोड़ना चाहती।
पीसीए अब यहां पर उनकी यादगार पारियों को संजों कर रखने जा रहा हैं। मुल्लांपुर में बनने वाले नए क्रिकेट स्टेडियम में सचिन तेंदुलकर के नाम का स्टैंड या फिर बॉक्स बनाया जाएगा।
इसके साथ वहां बनाए जाने वाले म्यूजियम का एक कॉर्नर सचिन के नाम होगा।
मोहाली के यादगार 85 रन
सचिन वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना आखिरी और 200वां टेस्ट मैच वीरवार से मुंबई में खेल रहे हैं। उन्होंने मोहाली स्टेडियम में शानदार पारियां खेली।
यहां वे ग्यारह टेस्ट में 18 पारियां खेल चुके हैं। उन्होंने यहा 767 रन बनाए, वह भी शानदार एवरेज के साथ।
मोहाली में 2011 में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल मुकाबले में उन्होंने शानदार 85 रन बनाए और अपनी टीम को फाइनल में पहुंचाया।
क्रिकेट स्टेडियम 16 में खेला पहला टेस्ट
भारतीय टीम में चुने जाने के बाद सचिन ने भारत में अपना पहला टेस्ट मैच सेक्टर 16 के क्रिकेट स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ खेला था।
यहां के प्रमुख क्रिकेट कोच हरीश शर्मा ने बताया सचिन को जब उन्होंने नेट पर बैट के साथ गलत तरीके से नॉकिं ग करते देखा तो उन्हें कहा कि इसे वह सीधे बल्ले से करें।
सचिन ने इस सुझाव को तुरंत मान लिया। हरीश शर्मा ने कहा कि उनकी सीखने की इसी ललक ने आज उन्हें विश्व क्रिकेट में ऊंचा दर्जा दिलाया है।
बड़ी स्क्रीन पर युवा क्रिकेटरों ने देखा मैच
सेक्टर 16 स्थित क्रिकेट स्टेडियम में सचिन तेंदुलकर का मैच बड़ी स्क्रीन पर दिखाया गया। यहां के युवा क्रिकेटरों ने बड़े उत्साह के साथ मास्टर ब्लास्टर की पारी को देखा।
मोहाली में खेलना सचिन को हमेशा ही बढ़िया लगता था। क्रिकेट के प्रति जितना कुछ सचिन ने किया है, उसे देखते हुए नए बन रहे क्रिकेट स्टेडियम में उनका स्टैंड या फिर बॉक्स बनाया जाएगा।
इसके साथ ही वहां बनने वाले म्यूजियम में एक कॉर्नर सचिन के नाम होगा जिसमें क्रिकेट से जुड़ी उनकी यादों को संजोकर रखा जाएगा।
- एमपी पांडव, पीसीए के मानद सचिव