नो डिले तिवारी...आई एम एनडी तिवारी, आई इनोग्रेट दिस स्टेडियम। यह शब्द कहते हुए उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी ने निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स स्टेडियम का उद्घाटन कर दिया।
उन्होंने कहा कि अच्छे काम में देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जल्द ही मेरे सपने को पूरा करो। इस पूरे मामले में वित्त मंत्री डॉ. इंदिरा हृदयेश ने किसी भी टिप्पणी से इनकार किया। मंगलवार देर शाम अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचते ही पूर्व मुख्यमंत्री एनडी तिवारी भावुक हो गए।
उन्होंने कहा कि 2006 में मैंने ही स्टेडियम के लिए अप्रूवल दी थी। आज मेरा सपना सच हो रहा है। मंडी में मैंने ही इसका शिलान्यास किया था। जब नागार्जुन कंपनी के अधिकारियों ने कहा कि ‘सर आप इस स्टेडियम के उद्घाटन मौके पर जरूर मौजूद रहें।
इस पर एनडी तिवारी बोले, पता नहीं टाइम मुझे सूट करेगा या नहीं। अच्छे काम में देरी नहीं होनी चाहिए। कब तक नेताओं का इंतजार करेंगे। नो डिले तिवारी...आई एम एनडी तिवारी, आई इनोग्रेट दिस स्टेडियम’ कहकर उन्होंने कहा कि मैं यही बैठे स्टेडियम का उद्घाटन करता हूं।
इसके बाद उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि स्टेडियम का काम पूरा करने में किसी प्रकार की दिक्कत तो नहीं आ रही है। पैसे बराबर मिल रहे हैं या नहीं। इतने बड़े प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए पैसे की जरूरत होती है। उन्होंने प्रोजेक्टर के जरिये स्टेडियम के सभी ग्राउंड का निरीक्षण किया।
सुरक्षा को लेकर भी चिंतित दिखे तिवारी
हल्द्वानी। एनडी तिवारी स्टेडियम की सुरक्षा को लेकर भी चिंतित दिखाई दिए। उन्होंने कंपनी के अधिकारियों से पूछा कि गौला नदी से सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम किए गए। इस पर अधिकारियों ने कहा कि इसके लिए अलग से प्लान तैयार किया गया है। स्टेडियम निर्माण होते ही इस पर काम शुरू कर दिया जाएगा।