पुणे में छह से 13 सितंबर तक आयोजित राष्ट्रीय स्तर की निशानेबाजी प्रतियोगिता में उत्तराखंड की प्रेरणा और त्रिशला ने चार स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है।
प्रतियोगिता में देशभर के 1200 से अधिक निशानेबाजों ने भाग लिया। जूनियर नेशनल चैंपियन और अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज प्रेरणा गुप्ता ने 400 में से 377 का स्कोर किया। उन्होंने वूमन एयर पिस्टल और सीनियर वूमन एयर पिस्टल श्रेणी में 200 से ज्यादा निशानेबाजों के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता।
प्रेरणा गुप्ता ने त्रिशला मलिक और ममता केडिया के साथ टीम चैंपियनशिप में भी स्वर्ण पदक जीता। रेणुका नेगी ने भी शानदार प्रदर्शन किया लेकिन वह पदक जीतने में कामयाब नहीं हो सकी। उनके कोच मयंक मारवाह ने बताया कि तीनों खिलाड़ी राष्ट्रीय खेलों की तैयारियों में जुटी हुई हैं। उन्होंने प्रत्येक स्पर्द्धा में अपने खेल में सुधार का लक्ष्य तय किया है।