पंजाब यूनिवर्सिटी में बनी नई शूटिंग रेंज में मंगलवार को देश के बेहतरीन शूटर जमा होंगे। यहां बनी 10 मीटर शूटिंग रेंज की शुरूआत आल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी शूटिंग चैंपियनशिप से होने जा रही है।
पीयू में नवनिर्मित शूटिंग रेंज की शुरूआत 11 से 15 फरवरी तक होने वाली चैंपियनशिप से होगी। अर्जुन अवार्डी और राजीव गांधी खेल रत्न अवार्डी मानवजीत सिंह संधू चैंपियनशिप का उद्घाटन करेंगे।
मंगलवार को अभ्यास मैच होंगे। बुधवार से चैंपियनशिप के मुकाबले (मेन/वुमेन) शुरू होंगे। इसमें देशभर के इंटरनेशनल और नेशनल स्तर के शूटर शामिल होंगे। इसमें 66 यूनिवर्सिटी से चार सौ के करीब शूटर हिस्सा ले रहे हैं।
देश की बेहतरीन शूटिंग रेंज में से एक
भारतीय शूटिंग टीम के कोच दलीप सिंह चंदेल पिछले कई दिनों से शहर में हैं। चंदेल ने कहा कि पीयू में बनी नई शूटिंग रेंज काफी बेहतरीन है। यह रेंज देश की विभिन्न यूनिवर्सिटी में बनी बेहतरीन शूटिंग रेंज में से एक हैं।
इस शूटिंग रेंज में एक साथ कई शूटर एक साथ निशाना साध सकते हैं। साथ ही रेंज को साउंड प्रूफ बनाया गया है जिससे कि निशाना साधते हुए आवाज से दूसरे निशानेबाज का ध्यान न भंग हो सके।
अंतरराष्ट्रीय शूटर साधेंगे निशाना
आल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी शूटिंग चैंपियनशिप में भारतीय शूटिंग टीम में शामिल कई खिलाड़ी शामिल होंगे।
अंतरराष्ट्रीय शूटरों में राजस्थान की आपूर्ति, दिल्ली की सांदली, श्रयास, पीयू की अजितेश, अमन, अंजुम मोदगिल, शेफाली तोमर, मनदीप सोढी समेत कई अन्य शूटर नजर आएंगे।