सब कुछ ठीक रहा और दूसरा दावेदार सामने नहीं आया तो जनवरी महीने में उत्तराखंड में एथलेटिक्स, बैडमिंटन और टेबल टेनिस की राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन होगा। राजीव गांधी खेल योजना के तहत उत्तराखंड ने एक ग्रुप के खेल के लिए अपना दावा ठोका है। माना जा रहा है कि राष्ट्रीय खेल से पहले यह राज्य में युवा कल्याण एवं खेल विभाग की पहली रिहर्सल होगी।
2018 के राष्ट्रीय खेलों से पहले का रिहर्सल
उत्तराखंड में वर्ष 2018 में राष्ट्रीय खेल का आयोजन होना है। मगर इससे पहले ही उत्तराखंड सरकार ने राज्य में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन कराकर रिहर्सल करनी शुरू कर दी है। इसकी पहल हुई है राजीव गांधी खेल योजना (आरजीकेवाई) से।
वर्ष 2015-16 खेल कलेंडर के तहत उत्तराखंड ने एथलेटिक्स, बैडमिंटन और टेबल-टेनिस की राष्ट्रीय प्रतियोगिता कराने का दावा ठोका है। मगर इस पर अंतिम फैसला सितंबर महीने में होने की उम्मीद है। बता दें कि आरजीकेवाई के खेल कलेंडर के तहत एथलेटिक्स, बैडमिंटन और टेबल-टेनिस एक ग्रुप में हैं।
2016 में होगा आयोजन
मेजबानी पर पहले अगस्त महीने में फैसला होना था, लेकिन एक अन्य ग्रुप के लिए कोई मेजबान सामने नहीं आने के कारण मेजबानी पर फैसला नहीं हो सका है। उप निदेशक खेल अजय अग्रवाल ने बताया कि अब सितंबर महीने में इस पर फैसला होगा। इसके बाद जनवरी 2016 में राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।
बताया कि देहरादून शहर में प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी, इसमें करीब एक हजार खिलाड़ियों के आने की उम्मीद है। इससे खेल और खिलाड़ियों का मैनेजमेंट करने का अनुभव मिलेगा।