सीनियर टीम इंडिया जहां इस समय इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज खेलने की तैयारी में जुटी है, तो दूसरी ओर भारत की ए टीम ऑस्ट्रेलिया में गैर आधिकारिक टेस्ट मैचों की सीरीज खेल रही है।
भारत-ए ने चार दिवसीय मुकाबले में शानदार खेल दिखाते हुए मेजबान ऑस्ट्रेलिया पर खासा दबाव बना दिया है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया-ए मैच बचाने के लिए संघर्ष कर रहा है।
भारतीय टीम पहली पारी के आधार पर कंगारुओं से 349 रन आगे है और उसके पास महज 4 विकेट ही शेष हैं। अभी 2 दिन का खेल बाकी है।
नमन ने छक्के के साथ लगाया दोहरा शतक
पहले बल्लेबाजी करने के बाद भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही थी लेकिन सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए नमन ओझा ने गजब का खेल दिखाया और शानदार दोहरा शतक जमाया। नमन ने दूसरे दिन लंच से पूर्व आखिरी गेंद पर छक्का मारकर दोहरा शतक पूरा किया।
नमन ने अपने पहले दिन के नाबाद 82 रनों के स्कोर को आगे बढ़ाते हुए 219 रनों की अविजित पारी खेली। उन्होंने 250 गेंदों में 29 चौके और 8 छक्के की मदद से अपने करियर की सबसे यादगार पारी खेली।
भारत ने अपनी पहली पारी 9 विकेट पर 475 रन पर घोषित कर दी। भारतीय पारी में नमन के अलावा कप्तान मनोज तिवारी ने 83 रन बनाए। जबकि ऑस्ट्रेलिया की ओर से कैमरन वॉयसे ने 4 विकेट झटके।
नमन के बाद जसप्रीत बुमराह के झटके
बल्लेबाजी में भले ही नमन ओझा और कप्तान मनोज तिवारी ही कंगारू आक्रमण का सामना कर सके। लेकिन गेंदबाजी के दौरान भारतीय गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को बैकफुट पर धकेल दिया।
दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया 6 विकेट पर 126 रन ही बना सका था और क्रीज पर मिचेल मॉर्श (18) और सैम व्हाइटमैन (13) खेल रहे थे।
ऑस्ट्रेलिया की खराब शुरुआत के लिए तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ज्यादा जिम्मेदार रहे जिन्होंने टीम के 7 रनों के अंदर 3 विकेट झटक लिए। हालांकि मेजबान ने पहले विकेट के लिए 33 रनों की साझेदारी की थी लेकिन इसके बाद पारी बुरी तरह से लड़खड़ा गई।
बेहद खराब रही थी भारत की शुरुआत
इससे पहले चार दिवसीय मैच के पहले दिन भारत ए ने 6 विकेट पर 304 रन का स्कोर बनाए थे। पहले दिन स्टंप्स तक नमन ओझा 115 गेंदों में 12 चौके और एक छक्के के साथ 82 जबकि धवल कुलकर्णी 16 गेंदों में दो चौकों के साथ 12 रन बनाकर क्रीज पर टिके हुए थे।
भारत-ए ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की शुरुआत ज्यादा अच्छी नहीं रही और ओपनर लोकेश राहुल 15 जबकि रॉबिन उथप्पा 23 रन बनाकर आउट हो गए। अंबाती रायडू भी खाता खोले बिना पवेलियन लौट गए।
43 रन पर 3 विकेट गिरने के बाद जीवनजोत सिंह और कप्तान मनोज तिवारी ने चौथे विकेट के लिए 134 रन जोड़े। जीवनजोत ने 124 गेंदों में सात चौकों के साथ 56 रन बनाए। वहीं मनोज तिवारी ने 118 गेंदों में 12 चौकों और एक छक्के के साथ 83 रन की शानदार पारी खेली।