आईपीएल 7 के लीग मुकाबले का अंतिम दिन बेहद शानदार रहा। टूर्नामेंट के अंतिम लीग मुकाबले से पहले प्लेऑफ के लिए एक टीम की जगह बाकी थी और संयोग से जिन दो टीमों पर दांव लगा था उन्हीं के बीच मैच भी था। (देखें- स्कोरकार्ड)
टूर्नामेंट के 54वें मुकाबले में पहले ही प्लेऑफ में पहुंच चुके कोलकाता नाइटराइडर्स ने सनराइडर्स हैदराबाद को हराकर उसकी उम्मीदों को ध्वस्त कर दिया।
ऐसे में इंडियन प्रीमियर लीग के 56वें और अंतिम लीग मुकाबले में गत चैंपियन मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबले में सबकी निगाहें इसलिए भी थी क्योंकि मुंबई को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए लक्ष्य को 87 गेंदों या 42 रनों के अंतर से जीत हासिल करनी थी। यह मुकाबला बेहद रोमांचक भी रहा।
MI ने 190 का लक्ष्य 15वें ओवर में हासिल किया
मुंबई के हुए गत चैंपियन मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स को बेहद ही रोमांचक मुकाबले में 5 विकेट से हराकर आईपीएल 7 के प्लेऑफ मुकाबले में जगह पक्की कर ली।
आईपीएल के इस आखिरी लीग मैच में मुंबई को प्लेऑफ में क्वालीफाई करने के लिए 14.3 ओवर में 190 रनों का कठिन लक्ष्य मिला। कोरी एंडरसन (नाबाद 95 ) की विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर मुंबई ने 14 ओवर में 4 विकेट पर 181 रन बना लिए।
अब मुंबई को क्वालीफाई करने के लिए 3 गेंदों पर 9 रन की दरकार थी और विकेट पर एंडरसन और अंबाती रायडू टिके हुए थे। तेज गेंदबाज जेम्स फॉकनर के ओवर की पहली गेंद पर एंडरसन ने एक रन बनाया। दूसरी गेंद पर रायडू ने छक्का जड़ दिया लेकिन तीसरी गेंद पर रायडू एक रन बनाकर रन आउट हो गए।
अंपायर के एक फैसले ने बदल दिया परिणाम
ऐसा लगा जैसे मुंबई टीम प्लेऑफ में जगह बनाने से चूक गई हो लेकिन अंपायरों ने अलग ही फैसला सुनाया जिसके तहत प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए मुंबई को अगली गेंद पर बाउंड्री जड़नी थी।
मुंबई को प्लेऑफ में जगह बनाने का एक और मौका मिल गया और नए बल्लेबाज आदित्य तारे ने फॉकनर की अगली गेंद पर छक्का जड़कर मुंबई को प्लेऑफ में जगह दिला दी।
इस तरह मुंबई ने 14.4 ओवर में 5 विकेट पर 195 रन बना डाले। मुंबई के लिए कोरी एंडरसन ने 44 गेंदों में 9 चौकों और 6 छक्कों के साथ 95 रन की नाबाद पारी खेली। अंबाती रायडू ने 10 गेंदों में 5 चौकों और 1 छक्के के साथ 30 रन बनाए।
संजू और करुण ने खेली धमाकेदार पारी
टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी का मौका मिलने के बाद राजस्थान रॉयल्स ने शानदार शुरुआत की और पहले विकेट के लिए 34 रनों की साझेदारी की। हालांकि ओपनिंग करने आए कप्तान शेन वॉटसन 8 रन बनाकर छठे ओवर में आउट हो गए।
इसके बाद ओपनर संजू सैमसन ने करुण नायर के साथ धुआंधार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए दूसरे विकेट के लिए 100 रनों की शतकीय साझेदारी कर टीम के बड़े स्कोर की नींव रख दी। करुण नायर 27 गेंदों में 7 चौके और 2 छक्के के दम पर 50 रन बनाकर आउट हुए।
दूसरी ओर, सैमसन ने अपनी बल्लेबाजी जारी रखते हुए ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ब्रॉड हॉज (नाबाद 29) के साथ पारी को आगे बढ़ाया। सैमसन 74 रन (7 चौका और 3 छक्का) बनाकर आउट हुए। अंतिम ओवरों में जेम्स फॉकनर ने 12 गेंदों में 23 रन (3 छक्का) ठोककर टीम को बेहद मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। राजस्थान ने 4 विकेट पर 189 रन बनाए।
एलिमिनेटर मैच में अब CSK से भिड़ेगी मुंबई
पंजाब किंग्स इलेवन और कोलकाता नाइटराइडर्स के बीच 27 मई को होने वाले क्वालीफायर मुकाबले में जीतने वाली टीम को सीधे फाइनल में जगह मिलेगी।
वहीं, गत चैंपियन मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच होने वाले एलिमिनेटर मैच की विजेता टीम पहले क्वालीफायर मैच में हारने वाली टीम से भिड़ेंगी और जीतने वाली टीम फाइनल में प्रवेश करेगी।
14 मैचों में 7 जीत के साथ प्लेऑफ में पहुंची मुंबई की टीम अंकतालिका में चौथे स्थान पर रही, जबकि इस मैच में हार के साथ ही 14 अंक लेने वाली राजस्थान को तालिका में पांचवें स्थान पर संतोष करना पड़ा।