भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के पास न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी पांच मैचों की वनडे सीरीज में भारत के सबसे सफल कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन को पीछे छोड़ने का मौका है।
अजहरुद्दीन ने 174 मैचों में टीम इंडिया की कप्तानी की है जिसमें से कुल 90 मैच जीते हैं जबकि धोनी ने 154 मैचों में से 88 में जीत हासिल की है। इसमें धोनी को 53 मैचों में हार, तीन टाई और दस बेनतीजा रहे
धोनी यदि न्यूजीलैंड दौरे में तीन वनडे जीत जाते हैं तो वह अजहरुद्दीन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़कर देश के सफलतम वनडे कप्तान बन जाएंगे। सौरव गांगुली इस मामले में अजहर और धोनी के बाद तीसरे नंबर पर हैं जिन्होंने 146 मैचों में 76 मुकाबले जीताए हैं।
लेकिन इस मुकाम से अभी कोसों से दूर हैं धोनी
महेंद्र सिंह धोनी इस समय वनडे में सर्वाधिक मैचों में कप्तानी करने के मामले में दुनिया में छठे नंबर पर हैं। धोनी अब तक 154 वनडे मैचों में टीम इंडिया के लिए कप्तानी कर चुके हैं।
लेकिन सबसे ज्यादा वनडे मैचों में कप्तानी करने का भारतीय और वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने में धोनी को अभी और इंतजार करना होगा। भारत में सबसे ज्यादा मैचों में कप्तानी करने का रिकॉर्ड अजहरुद्दीन के नाम है जो 174 मैचों में कप्तान रहे हैं।
जहां तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रिकॉर्ड की बात है तो धोनी अभी बहुत पीछे हैं। ऑस्ट्रेलिया के एलन बॉर्डर (178), श्रीलंका के अर्जुन रणतुंगा (193), न्यूजीलैंड के स्टीफन फ्लेमिंग (218) और ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग (230) हैं।
सीरीज जीते तो और मजबूत होगी बादशाहत
न सिर्फ कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के लिए यह वनडे सीरीज बेहद खास है बल्कि टीम इंडिया के लिए भी यह बेहद चुनौतीपूर्ण है।
भारत यदि कीवी सरजमीं पर वनडे सीरीज जीत लेता है तो आईसीसी की एकदिवसीय रैंकिंग में उसकी बादशाहत भी बरकरार रहेगी। पिछले महीने दक्षिण अफ्रीका में हुए तीन मैचों की वनडे सीरीज 0-2 से गंवाने के कारण भारत की रेटिंग अंक गिरी थी।
इस समय टीम इंडिया के 120 रेटिंग अंक हैं और वह दूसरे स्थान पर मौजूद ऑस्ट्रेलिया से महज चार अंक ही आगे है। ऐसे में भारत की नजर वनडे में शीर्ष पायदान पर अपनी पकड़ मजबूत बनाने की होगी।