पहले बल्लेबाजों और फिर गेंदबाजों के नायाब प्रदर्शन से भारत ने ट्वंटी-20 वर्ल्ड कप में अपना विजयी अभियान जारी रखते हुए ऑस्ट्रेलिया को 73 रन से करारी शिकस्त दी। भारत की टूर्नामेंट में यह लगातार चौथी जीत है और वह ग्रुप ‘दो’ में आठ अंकों के साथ शीर्ष पर है। वहीं, सेमीफाइनल की होड़ से बाहर हो चुकी ऑस्ट्रेलिया की यह लगातार तीसरी हार है।
टीम इंडिया ने पहले गेंदबाजी करते हुए सात विकेट पर 159 रन बनाए। खराब फॉर्म से जूझ रहे युवराज सिंह का बल्ला आखिरकार उनकी पसंदीदा टीम के सामने रन उगलने में कामयाब रहा। युवी ने 43 गेंदों में पांच चौकों और चार छक्कों के साथ 60 रन की आतिशी पारी खेली।
युवी ने कप्तान धोनी के साथ पांचवें विकेट के लिए 84 रन जोड़े। धोनी ने 20 गेंदों में एक चौके और एक छक्के के साथ 24 रन बनाए। जवाब में भारत की बेहतरीन गेंदबाजी के आगे ऑस्ट्रेलियाई टीम का बोरिया-बिस्तर सिर्फ 16.2 ओवर में सिर्फ 86 रन पर बंध गया।