फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोहली ने दिलाई भारत को पहली जीत

Thu, 27 Feb 2014 01:27 AM IST
अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
एशिया कप के अपने पहले मैच में बांग्लादेश ने कप्तान मुशफिकर रहीम की सर्वश्रेष्ठ वनडे पारी के दम पर बड़ा स्कोर खड़ा किया था लेकिन विराट कोहली के शतक ने भारत को इस मैच में छह विकेट से आसान जीत दिला दी। (लाइव स्कोरकार्ड के लिए यहां क्लिक करें)
विज्ञापन


फातुल्लाह में खेले गए मुकाबले में 280 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने धीमी शुरुआत से उबरते हुए 49 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 280 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत की जीत में कप्तान विराट कोहली (136) और अंजिक्य रहाणे (73) का अहम योगदान रहा। कोहली ने 122 गेंदों में 136 रन (16 चौका और 2 छक्का) बनाए।

शिखर धवन (28) और रोहित शर्मा ने टीम इंडिया को बढ़िया शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 50 रनों की साझेदारी की। लेकिन अर्धशतकीय साझेदारी के तुरंत बाद धवन अब्दुर रज्जाक की गेंद पर पगबाधा हुए। थोड़ी ही देर में रोहित शर्मा (21) भी बोल्ड हो गए। भारत ने चार रन के अंदर दोनों विकेट खोए।
विज्ञापन


इससे पहले बांग्लादेश ने 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 279 रन बनाए। मेजबान के लिए कप्तान मुशफिकर रहीम ने सर्वाधिक 117 रन (7 चौका और 2 छक्का) बनाए। अंतिम ओवर में आउट होने से पहले उन्होंने अपने करियर का दूसरा शतक जमाया। रहीम के अलावा ओपनर अमानुल हक (77) ने भी उपयोगी योगदान दिया।

कोहली-रहाणे के बीच दोहरी शतकीय साझेदारी

महज चार रन के अंदर अपने दोनों सलामी बल्‍लेबाजों को खोने के बाद टीम इंडिया गहरे संकट में दिख रही थी लेकिन कप्तान विराट कोहली ने अंजिक्य रहाणे के साथ दोहरी शतकीय साझेदारी कर टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया। कोहली ने रहाणे के साथ तीसरे विकेट के लिए 213 रनों की साझेदारी की। लेकिन दोनों ही लक्ष्य से पहले ही आउट हो गए।

भारत की साल 2014 में पहली जीत है। इससे पहले इस साल खेले सभी मैचों में भारत को हार का सामना करना पड़ा है। न्यूजीलैंड दौरे पर भारत ने सात में से पांच मैच गंवाए थे, जबकि एक टाई और एक ड्रॉ रहा था। लक्ष्य का पीछा करते हुए जबर्दस्त बल्‍लेबाजी करने में माहिर कोहली ने एक बार फिर अपना दमखम दिखाया और मेजबान टीम के गेंदबाजों की जमकर क्लास की। कोहली शुरुआत से ही आक्रामक दिखे और रहाणे के साथ टीम का स्कोर 36.5 ओवर में 200 तक कर दिया।

इसके बाद कोहली ने अपना 19वां शतक महज 95 गेंदों पर लगाया। साथ ही कोहली ने बतौर कप्तान और बांग्लादेश के खिलाफ अपना तीसरा शतक जमाया। कोहली का जमकर साथ देने वाले रहाणे ने भी अर्धशतक पूरा किया जो उनके करियर का चौथा पचासा रहा।

दोहरे झटकों से उबारकर लगाया शतक

50 से पहले दो विकेट गंवाने के बाद बांग्लादेश को कप्तान मुशफिकर रहीम ने संभाला। रहीम ने ओपनर अनामुल हक के साथ पारी को संभालते हुए तीसरे विकेट के लिए 133 रन की बेशकीमती साझेदारी निभाई और करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी भी खेली। यह साझेदारी भारत के खिलाफ किसी भी विकेट के लिए वनडे में सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड भी बनाया।

साथ ही एशिया कप में भारत के खिलाफ शतक जड़ने वाले मुशफिकुर रहीम दूसरे बल्लेबाज हैं। इससे पहले 2008 में आलोक कपाली ने भारत के लिए शतकीय पारी खेली थी। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट पर पैर जमाए और उसके बाद भारतीय गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए रनगति बढ़ाई। इस खतरनाक होती जा रही साझेदारी को तेज गेंदबाज वरुण आरोन ने अनामुल हक को बोल्ड कर तोड़ा।

हक ने 106 गेंदों में पांच चौकों और तीन छक्कों के साथ 77 रन की पारी खेली। हक के आउट होने के बाद अन्य कोई बांग्लादेशी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका लेकिन दूसरे छोर पर डटे रहीम ने अपनी पारी को आगे बढ़ाना जारी रखा। इस बीच रहीम ने अपना दूसरा वनडे शतक पूरा किया।

50 से पहले भारत ने झटके 2 विकेट

कार्यवाहक कप्तान विराट कोहली के टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी के फैसले को तेज गेंदबाजों ने सही साबित किया और बल्‍लेबाजों पर अंकुश लगाए रखा। पहले ही ओवर में भुवनेश्वर की गेंद पर अनामुल हक को स्लिप में जीवनदान भी मिला।

धीमी शुरुआत के बाद मेजबान टीम थोड़ी दबाव में आ गई, जिसका फायदा मोहम्मद शमी को मिला और उन्होंने छठे ओवर की पहली गेंद पर शमसुर रहमान (7) को कॉटएंडबोल्‍ड कर चलता कर दिया।

भारत को दूसरी सफलता के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ा। आर अश्विन ने मोमिनुल हक (23) स्टंप आउट कराया। मोमिनुल जिस समय आउट हुए उस समय बांग्ला टीम का स्‍कोर 49 रन ही था। भारत की गेंदबाजी शुरुआत में बेहद कसी हुई थी, जिस कारण बांग्ला टीम 10 ओवर में महज 36 रन ही बना सकी थी।

मोहम्मद शमी ने फिर लगाया 'चौका'

पहली बार किसी बड़े टूर्नामेंट में कप्तानी कर रहे भारतीय कप्तान विराट कोहली का टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी के फैसले को शुरू में सह‌ी साबित किया लेकिन बाद में गेंदबाज बल्‍लेबाजों पर नियंत्रण नहीं रख सके।

भारत की ओर से तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 10 ओवर में एक मेडन के साथ 50 रन देकर चार विकेट चटकाए। वहीं भुवनेश्वर कुमार, वरुण आरोन और आर अश्विन को एक-एक सफलता मिली।

जबकि एक अन्य भारतीय तेज गेंदबाज वरुण आरोन काफी महंगे साबित हुए और उन्होंने 7.5 ओवर में 74 रन लुटाकर सिर्फ एक विकेट झटका। मैच में दूसरी बार बीमर फेंकने के कारण आरोन ने अपना आठवां ओवर पूरा नहीं कर सके और आगे भी गेंदबाजी नहीं करने दिया गया। यूएई के खुर्रम खान (78 रन) के बाद आरोन बांग्लादेश के खिलाफ सर्वाधिक रन लुटाने वाले दूसरे गेंदबाज बने।
विज्ञापन

पुजारा और ईश्वर को नहीं मिली जगह

छह बार की चैंपियन टीम इंडिया की अगुवाई विराट कोहली कर रहे हैं। महेंद्र सिंह धोनी चोटिल होने के कारण इस टूर्नामेंट में नहीं खेल रहे हैं और उनकी जगह कोहली को कमान सौंपी गई।

टेस्ट क्रिकेट के बेजोड़ बल्‍लेबाज माने जाने वाले चेतेश्वर पुजारा को एक बार फिर वनडे टीम में जगह नहीं मिली है। वहीं तेज गेंदबाज ईश्वर पांडे को भी आज अपने अंतरराष्ट्रीय कर‌ियर शुरू करने का मौका नहीं मिला।

टीम इंडिया में भुवनेश्वर कुमार और शमी के अलावा वरुण एरोन तेज गेंदबाज के रूप में टीम में शामिल हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें