दुनिया के सबसे चर्चित फुटबॉलरों में से एक स्टार स्ट्राइकर लियोनल मेस्सी ने एक बार फिर मैदान के बाहर इतिहास रच दिया है।
हालांकि उनकी मौजूदगी से बार्सिलोना टीम को इस सत्र में कोई फायदा नहीं हुआ और टीम एक भी खिताब नहीं जीत सकी। लेकिन इस स्पेनिश क्लब को उनकी क्षमता पर इतना भरोसा है कि उन पर एक बार फिर बड़ा दांव खेला और उसने विश्व रिकॉर्ड करार के साथ अपनी टीम में बरकरार रखा है।
करार के बाद मेस्सी ने कहा कि उन्हें खुशी है कि वह अपने घर में बने रहेंगे। वह हमेशा से बार्सिलोना को अपना घर मानते हैं। बार्सिलोना के लोगों ने उनका भविष्य तय किया है और जब तक उनको उनसे समर्थन मिलता रहेगा, वह यहां पर खेलते रहेंगे।
नए करार के साथ मेस्सी को हुआ जबर्दस्त फायदा
अर्जेंटीना के करिश्माई स्ट्राइकर लियोनल मेस्सी ने दिग्गज स्पेनिश क्लब बार्सिलोना के साथ नए अनुबंध पर हस्ताक्षर कर दिए हैं और इसके साथ ही वह सबसे ज्यादा मेहनताना पाने वाले फुटबॉलर बन गए हैं।
नए अनुबंध के मुताबिक मेस्सी को अब प्रतिवर्ष 2 करोड़ यूरो यानी करीब एक अरब 60 करोड़ रुपए का भारी भरकम मेहनताना मिलेगा।
उन्होंने यह करार जून 2018 तक के लिए किया है। करार के तरह उन्हें प्रतिवर्ष प्रदर्शन आधारित बोनस के रूप में भी 50 लाख यूरो मिल सकते हैं।
दुनिया के 10वें सबसे रईस खिलाड़ी बने
इस अनुबंध पर हस्ताक्षर के बाद 26 साल के मेस्सी दुनिया के सबसे महंगे फुटबॉलर बन गए हैं।
रियल मैड्रिड के कप्तान और करिश्माई स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो का सालाना पैकेज 1.8 करोड़ यूरो (लगभग एक अरब 44 करोड़ रुपए) है। मेस्सी ने रोनाल्डो को कमाई के मामले में पीछे छोड़ा।
चार बार के विश्व के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी मेस्सी की अब तक सालाना सैलेरी 1.3 करोड़ यूरो (लगभग एक अरब 04 करोड़ रुपए) थी। फोर्ब्स पत्रिका के मुताबिक मेस्सी दुनिया के 10वें सबसे ज्यादा कमाई करने वाले खिलाड़ी हैं। उनको फीस और उत्पादों के प्रचार से सालाना 4.12 करोड़ यूरो (लगभग 3 अरब 29 करोड़ रुपए) की कमाई होती है।
खराब खेल के लिए प्रशंसकों से माफी भी मांगी
स्टार स्ट्राइकर लियोनल मेस्सी ने बार्सिलोना के लिए 424 मैचों में सर्वाधिक 354 गोल किए हैं। मेस्सी 2004-05 में बार्सिलोना से जुडे़ थे और तबसे लेकर अब तक क्लब ने 21 खिताब जीते हैं।
इनमें 3 चैंपियंस लीग और 6 स्पेनिश लीग (ला लीगा) खिताब शामिल हैं लेकिन इस सत्र में टीम एक भी खिताब नहीं जीता और मेस्सी ने माना कि इस सत्र में टीम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाई।
उन्होंने कहा, "मैं बार्सिलोना के समर्थकों से माफी मांगता हूं लेकिन साथ ही वादा करता हूं कि अगले साल हम अच्छा प्रदर्शन करेंगे और अहम मुकाम हासिल करेंगे।"