ऑल इंडिया जूनियर रैंकिंग प्राइजमनी बैडमिंटन टूर्नामेंट में उत्तराखंड की झोली में सोमवार को दो खिताब आए। प्रतियोगिता में उत्तराखंड को एक रजत और दो कांस्य पदक भी हासिल हुए।
कुहू गर्ग ने अंडर-19 मिक्स डबल्स में स्वर्ण और बालिका युगल में रजत जीता। वहीं लक्ष्य सेन ने स्वर्ण पदक जीतने में सफलता हासिल की। उत्तराखंड मूल के चिराग सेन अंडर-19 एकल वर्ग के फाइनल में खिताब से चूक गए। जबकि बोधित जोशी को दो कांस्य पदक मिले। पदक विजेताओं को 3 लाख रुपए की इनामी राशि बांटी गई।
परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देश्यीय क्रीड़ा हॉल में सोमवार सुबह अंडर-19 अ मिक्स डबल्स के फाइनल में उत्तराखंड की कुहू गर्ग और केरल के एमआर अर्जुन की जोड़ी ने एयर इंडिया की पूजा और हरियाणा के सौरभ शर्मा को 21-10, 17-21, 21-18 से हरा कर खिताब पर अपना कब्जा किया।
बालिका युगल में एयर इंडिया की पूजा डी और असम की निंग्शी हजारिका ने उत्तराखंड की कुहू गर्ग और एयर इंडिया की श्रीयांशी परेदशी को 23-21, 21-17 से शिकस्त देकर फाइनल जीता। एकल वर्ग में एयर इंडिया की श्रीयांशी परदेशी ने तेलंगाना के वुरसाली को 21-13, 16-21, 24-22 से हरा कर फाइनल जीता।
अंडर-17 बालिका एकल वर्ग के फाइनल में असम की अस्मिता छलीहा ने तेलंगाना की वैष्णवी रेड्डी को 21-16, 19-21, 21-14 से हरा कर खिताब हासिल किया। बालिका युगल में तेलंगाना की वी जक्का और जी पुलेला ने महाराष्ट्र की सिमरन सिंह और रीतिका ठाकर को 21-18, 21-15 से हराकर खिताब जीता।
अंडर-17 बालक एकल वर्ग में उत्तराखंड के लक्ष्य सेन ने दिल्ली के कार्तिकेय गुलशन कुमार को 21-17, 21-11 से हराकर खिताब जीता। युगल वर्ग में आंध्र प्रदेश के कृष्ण प्रसाद और सात्विक साईराज ने पंजाब के ध्रुव कपिला और महाराष्ट्र के साई पवन करी को 21-10, 17-21, 21-18 से हराकर खिताब जीता।
अंडर-19 बालक एकल वर्ग में तेलंगाना के सिरिल वर्मा ने एयर इंडिया के चिराग सेन को 21-15, 21-19 से हराकर फाइनल अपने नाम किया। अंडर-19 बालक युगल वर्ग के फाइनल में केरल के एमआर अर्जुन और महाराष्ट्र के चिराग सेट्टी ने दिल्ली के रोहन कपूर और सौरभ शर्मा को 20-22, 26-22, 21-16 से शिकस्त दी।
मुख्यमंत्री ने किया पुरस्कृत
समापन समारोह में मुख्यमंत्री हरीश रावत ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए। दोपहर में भारतीय ओलंपिक संघ के महासचिव राजीव मेहता भी मैच देखने पहुंचे थे।
वहीं समापन समारोह में खेल सचिव शैलेश बगोली, उत्तरांचल स्टेट बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष एडीजी अशोक कुमार, सचिव बीएस मनकोटी, आयोजन समिति के अध्यक्ष आईजी संजय गुंज्याल, उप निदेशक खेल अजय अग्रवाल, जिला खेल अधिकारी सतीश सार्की, आयोजन सचिव लोकेश ओहरी, चीफ रेफरी गौरव खन्ना, साई कोच डीके सेन, बैडमिंटन प्रशिक्षक दीपक रावत, दीपक नेगी, जिला सचिव नवनीत सेठी, राजेश निझावन, मनीषा नेगी, राकेश डोभाल भी मौजूद थे।
डॉल्फिन ने उत्तराखंड के खिलाड़ियों को दिया नगद पुरस्कार
ऑल इंडिया जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में उत्तराखंड मूल के पदक विजेता खिलाड़ियों को डॉल्फिन पीजी इंस्टीट्यूट की ओर से पुरस्कार राशि दी गई।
पुरस्कार के तहत स्वर्ण जीतने पर लक्ष्य को 21 हजार, कुहू को स्वर्ण पर 21 हजार और रजत पर 15 हजार, चिराग को रजत पर 15 हजार और बोधित जोशी को दो कांस्य जीतने पर 11-11 हजार के रुपए चेक दिए गए।
नया इतिहास रच रहे हैं बच्चे
ऑल इंडिया जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल के दिन मुख्यमंत्री हरीश रावत ने डेढ़ घंटे से अधिक समय तक बैडमिंटन हॉल में बैठकर मैच देखा। उत्तराखंड के खिलाड़ियों को मैच के दौरान मुख्यमंत्री उत्साहित भी करते नजर आए।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के यह खिलाड़ी नया इतिहास रचने की ओर बढ़ रहे हैं। ओलंपिक 2020 में पदक तो जीतेंगे ही इससे पहले होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन करेंगे।
उन्होंने बैडमिंटन प्रशिक्षक डीके सेन से कहा कि तुम रास्ता दिखाओ और ऐसा अध्याय लिखो कि युवा पीढ़ी खेल की ओर आकर्षित हो। इस दौरान उन्होंने बैडमिंटन खिलाड़ियों के लिए नए कोर्ट बनाने के लिए खेल सचिव शैलेश बगोली से कहा।