सेमीफाइनल में चेन्नई सुपर किंग्स के साथ मैच सबसे रोमांचक रहा और कप्तान धोनी को गेंद डालना मेरे लिए ड्रीम पूरा होने जैसा था। यह कहना है आईपीएल सीजन-7 में किंग्स इलेवन पंजाब के आलराउंडर करनवीर सिंह का। बुधवार को वह पत्नी तनवी के साथ पत्रकारों से मुखातिब हुए।
इस सीजन में पहली बार किंग्स इलेवन में शामिल हुए करनवीर यह कहने से बचते रहे कि फाइनल में उनकी टीम कोलकाता नाइट राइडर्स से कैसे हारी। उन्होंने इतना जरूर कहा कि दूसरी पारी में ओस फैक्टर रहा और आखिर में अगर कैच सही समय पर पकड़े जाते तो रिजल्ट कुछ और होता।
करनवीर ने कहा कि सेमीफाइनल में एक समय जब सुरेश रैना जबरदस्त बल्लेबाजी कर रहे थे तो हमारे ऊपर प्रेशर था, लेकिन टीम के कप्तान जार्र्ज बैली हर समय गेंदबाजों को प्रोत्साहित करते रहते थे।
हर मैच में प्रीती ने बढ़ाया उत्साह
करनवीर ने बताया किंग्स इलेवन पंजाब की सह मालकिन प्रीती जिंटा पूरे जोश के साथ टीम को सपोर्ट करती आई हैं। हर मैच के बाद वह पूरी टीम से मिलती थीं और कभी मैच खराब रहता तो वह हमारा उत्साह भी बढ़ाती। जीतने के बाद हमारे साथ दुगने उत्साह के साथ खुशी में शामिल होती थीं।
संजय बांगड़ के टिप्स काम आए
करनवीर सिंह ने बताया सभी जानते हैं कि धोनी एक आक्रामक खिलाड़ी हैं और मेरे लिए यह पहला मौका था जब मैंने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ उन्हें गेंद डाली। मैच से पहले हमारे गेंदबाजी कोच संजय बांगड़ ने काफी टिप्स दिए थे जो हमारे बहुत काम आए।
वीरू और बैली के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करना फायदेमंद रहा
करनवीर ने बताया कि किंग्स इलेवन पंजाब में वीरेंद्र सहवाग और कप्तान जार्ज बैली के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करना काफी फायदेमंद रहा। दोनों खिलाड़ी जब युवाओं के साथ अपने अनुभव शेयर करते थे तो बहुत सीखने को मिलता था।
बैली के लेटर ने सीजन को यादगार बनाया
करनवीर के अनुसार आखिरी मैच के बाद टीम के कप्तान जार्ज बैली ने टीम के हर सदस्य के रूम में लेटर पहुंचाया। इसमें उन्होंने लिखा सभी टीम मेंबर के शानदार प्रदर्शन की बदौलत इस सीजन में टीम दूसरे स्थान पर रही। लेटर में बैली ने मेरी गेंदबाजी की तारीफ की।
डोमेस्टिक सीजन पर फोकस
करनवीर ने बताया आईपीएल के बाद अब पूरा फोकस घरेलू सीजन पर रहेगा। करनवीर हिमाचल से खेलते हैं। रणजी के बाद चैंपियन ट्राफी आने वाली है, उसके लिए अभी से तैयारी में मेहनत करूंगा।