प्रोफेशल क्रिकेट खेलने का सपना देख रहे युवाओं को किंग्स इलेवन पंजाब मौका देगा। आयोजकों ने उत्तराखंड के चार शहरों को ट्रायल के लिए चुना है। इसके लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो गए हैं। हालांकि खिलाड़ी ट्रायल स्थल पर भी रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। इसके अलावा दून डिफेंस एकेडमी में भी सुविधा रहेगी। 15 फरवरी तक रजिस्ट्रेशन किए जाएंगे।
सीएमआई तिराहे के समीप स्थित एक होटल में सोमवार को ट्रायल आयोजक वुड्स यूनाईटेड के पार्टनर प्रशांत मिश्रा ने बताया कि किंग्स इलेवन पंजाब युवाओं को अब नया मंच देने की कोशिश कर रहा है। देश के 10 राज्यों और शहरों में ट्रायल रखे गए हैं, जहां से पहले दौर में करीब 500 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
टीम के आधिकारिक कोच ट्रायल में चुने गए खिलाड़ियों को परखेंगे और करीब 100 खिलाड़ियों को चयनित करेंगे। इनमें से 32 खिलाड़ियों को अंतिम ट्रायल में चुना जाएगा। किंग्स इलेवन पंजाब के मुख्य कोच संजय बांगर मोहाली में होने वाले फाइनल ट्रायल में खिलाड़ियों को चुनेंगे।
मार्च के पहले हफ्ते में जारी
ट्रायल के फाइनल खिलाड़ियों की सूची फरवरी अंत या मार्च के पहले हफ्ते में जारी होगी। चुने गए खिलाड़ियों को किंग्स कप में खेलने का मौका मिलेगा, जो मार्च के दूसरे सप्ताह में होने की संभावना है। इसमें किंग्स इलेवन की आईपीएल टीम के खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे।
उन्होंने बताया कि किंग्स कप बीते पांच सालों से कराया जा रहा है, जिसमें से अभी तक 10 से अधिक खिलाड़ी निकल चुके हैं। अक्षत पटेल, मनन बोहरा आदि भी किंग्स कप से ही टीम में पहुंचे हैं। इस दौरान इवेंट हैड पंकज पुरोहित, प्रोजेक्ट हैड रवि जुगरान, उत्तराखंड यूथ टी-20 क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव जावेद बट्ट आदि मौजूद थे।
कब कहां ट्रायल
5 और 6 फरवरी : ग्राफिक ऐरा विश्वविद्यालय, देहरादून
8 और 9 फरवरी : एनआईटी, श्रीनगर गढ़वाल
10 और 11 फरवरी : रुड़की इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नालॉजी, रुड़की
17 और 18 फरवरी : एयूनिटी कालेज काशीपुर रोड़, रुद्रपुर
नोट- खिलाड़ी चारों जगहों में से कहीं भी ट्रायल दे सकते हैं।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन- www.kxip.in
रजिस्ट्रेशन शुल्क- 1750 रुपये
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन पर एक कोड मिलेगा, उसे ट्रायल के दौरान लाना जरूरी होगा।
यहां हो रहे हैं ट्रायल
उत्तराखंड, महाराष्ट्र, हरियाणा, जम्मू एवं कश्मीर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, दिल्ली, गुजरात, मध्य प्रदेश, मुंबई शहर।