लगातार दो मैचों में मिली हार के बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने आखिरकार दिल्ली डेयरडेविल्स को रोमांचक मुकाबले में चार रन से हराकर आईपीएल के इस सत्र में अपनी पहली जीत दर्ज की। (लाइव स्कोरकार्ड के लिए क्लिक करें)
हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए एक विकेट पर 184 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। जवाब में दिल्ली की टीम चार विकेट पर 180 रन तक ही पहुंच सकी।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद को ओपनर आरोन फिंच और शिखर धवन ने 6.2 ओवर में 56 रन की साझेदारी कर ठोस शुरुआत दिलाई। शिखर इस सत्र में पहली बार लय में दिखे लेकिन 22 गेंद पर 33 रन बनाने के बाद वह अपनी पारी को और मजबूती दे पाते उससे पहले ही शाहबाज नदीम ने उन्हें चलता कर दिया।
हालांकि इसके बाद हैदराबाद को फिंच और डेविड वार्नर ने कोई और झटका नहीं लगने दिया और टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचा दिया।
फिंच बने मैन ऑफ द मैच
‘मैन ऑफ द मैच’ फिंच ने 53 गेंद में आठ चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 88 रन की पारी खेली जबकि वार्नर ने भी शुरुआत में धीमा खेलने के बाद अचानक से आक्रामक रुख अख्तियार किया और 45 गेंद में तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 58 रन ठोक डाले। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए आतिशी 128 रन जोड़े।
जवाब में मुरली विजय (40 गेंद पर 52) और क्विंटन डी कॉक (30 गेंद पर 48) ने 99 रन की साझेदारी कर दिल्ली को भी जबरदस्त शुरुआत दिलाई। हालांकि चार रन के अंतराल में ही दोनों के आउट हो जाने के बाद हैदराबाद हावी हो गया। पहली बार खेलने उतरे नियमित कप्तान केविन पीटरसन बेरंग नजर आए और 17 गेंद में 16 रन बनाकर आउट हो गए जबकि उपकप्तान दिनेश कार्तिक भी 14 गेंद पर मात्र 15 रन ही बना सके।
दोनों को डेल स्टेन ने लगातार दो गेंद पर आउट कर हैदराबाद की जीत सुनिश्चित की। दिल्ली को आखिरी ओवर में जीत के लिए 20 रन की दरकार थी लेकिन जेपी डुमिनी और मनोज तिवारी 16 रन ही हासिल कर सके। डुमिनी ने 7 गेंद पर 20 और तिवारी ने 13 गेंद पर 23 रन बनाए।
विजय और कॉक ने दिलाई शानदार शुरुआत
बड़े लक्ष्य के जवाब में दिल्ली डेयरडेविल्स की सलामी जोड़ी ने भी शानदार शुरुआत की। मुरली विजय और क्विंटन डी कॉक ने हैदराबाद की मजबूत गेंदबाजी आक्रमण का डटकर सामना करते हुए रन बनाए।
दोनों ने हर गेंदबाजों पर बड़े शॉट लगाते हुए 11 ओवर में 98 रन ठोक दिए। लेकिन 12वें ओवर की दूसरी गेंद पर करन शर्मा ने कॉक को कैच आउट करा दिया। कॉक ने 30 गेंदों में 6 चौके के अलावा 1 छक्का भी लगाया। दोनों ने पहले विकेट के लिए 99 रनों की साझेदारी की।
इसके बाद मुरली विजय ने अपना अर्धशतक पूरा किया लेकिन 52 रन के निजी स्कोर पर डेरैन सैमी की गेंद पर कैच आउट हो गए।
लय में लौटे धवन, फिंच संग की बड़ी साझेदारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला हैदराबाद के लिए बेहद शानदार साबित हुआ। कप्तान शिखर धवन (33 रन, 22 गेंद, 5 चौका और 1 छक्का) और ऐरोन फिंच ने हैदराबाद को जबर्दस्त शुरुआत दिलाई।
धवन आईपीएल के इस सत्र में अब तक नाकाम रहे थे लेकिन आज वह लय में दिखे। उन्होंने वाएने पार्नेल की लगातार 3 गेंदों पर 2 चौका और 1 छक्का भी लगाया। हालांकि इसके बाद अगली ही गेंद पर उन्हें एक जीवनदान भी मिला लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा सके और सातवें ओवर में जेम्श नीशाम की गेंद पर कैच आउट हो गए।
कप्तान धवन ने पहले विकेट के लिए फिंच के साथ 56 रनों की साझेदारी की। हैदराबाद की इस सत्र में यह सबसे अच्छी शुरुआत भी रही।
पहली बार मैदान पर उतरे केविन पीटरसन
हैदराबाद ने आज के मैच के लिए अपनी टीम में एक बदलाव करते हुए इरफान पठान की जगह नमन ओझा को शामिल किया। जबकि दिल्ली ने दो बदलाव किए। नियमित कप्तान केविन पीटरसन ने आज टूर्नामेंट में पहली बार दिल्ली टीम की अगुवाई की, पिछले तीनों मैचों में वह चोटिल होने के कारण नहीं उतर सके थे।
आईपीएल 7 में इस मैच से पहले हैदराबाद को अपने पिछले दो मैचों में राजस्थान रॉयल्स और किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
दिल्ली डेयरडेविल्स इससे पहले अपने खेले तीन मुकाबलों में से एक जीत ही हासिल कर सकी थी।