आईपीएल-7 के आठवें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली डेयरडेविल्स को 93 रनों से हरा दिया।
चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली को 178 रनों का लक्ष्य दिया था। जवाब में दिल्ली की टीम 84 रनों पर ही ढ़ेर हो गई।
सुरेश रैना ने सबसे ज्यादा 56 रन बनाए, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुन गया।
'शतकवीर' सुरेश रैना ने रचा कीर्तिमान
चेन्नई के बल्लेबाज सुरेश रैना ने आईपीएल इतिहास के सर्वाधिक 101 मैच खेले हैं। टूर्नामेंट के सर्वाधिक रन भी उन्हीं के नाम दर्ज हैं।
इतना ही नहीं सोमवार को उन्होंने अपनी 56 रन की बेहतरीन पारी की बदौलत आईपीएल में पचास से ज्यादा के सर्वाधिक 20 स्कोर बनाने के क्रिस गेल और गौतम गंभीर के रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली है।
आईपीएल के इस बेताज बादशाह की इस लाजवाब पारी की मदद से चेन्नई सुपरकिंग्स आखिरकार टूर्नामेंट में पहली जीत दर्ज करने में सफल रही। सोमवार को हुए इस मैच में चेन्नई ने दिल्ली डेयरडेविल्स को 93 रन से करारी शिकस्त दी।
दिल्ली की पारी में नहीं लगा एक भी छक्का
चेन्नई सुपर किंग्स की यह दो मैचों में पहली जीत जबकि दिल्ली की तीन मैचों में दूसरी हार है। 178 रन के मुश्किल लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली की टीम कभी भी जीत हासिल करने की स्थिति में नहीं दिखी।
न ही मुरली विजय अपनी खोई फॉर्म तलाश सके और न ही कप्तान दिनेश कार्तिक का ही सिक्का चला। शानदार प्रदर्शन करते आ रहे जेपी डुमिनी इस बार अपनी पारी 15 रन से अधिक नहीं खींच सके। न्यूजीलैंड के दो धुरंधर रॉस टेलर और जेम्स नीशाम भी उस विश्वास पर खरा नहीं उतर सके जो दिल्ली टीम के मालिकों ने उन पर जताया था।
बल्लेबाजों के बीच लगी 'तू चल मैं आया' की इस होड़ का आलम यह था कि टीम की ओर से सर्वाधिक स्कोर 22 रन था जो नीशाम ने 15 गेंद पर बनाया। छक्का तो दूर दिल्ली के बल्लेबाज सिर्फ 7 बार ही गेंद को चौके के लिए बाउंड्री पार भेज सके।
धोनी और प्लेसिस ने खेली उपयोगी पारी
दिल्ली की पूरी टीम 15.4 ओवर में महज 84 रन पर सिमट गई। चेन्नई के लिए
ईश्वर पांडेय, आर अश्विन और रविंद्र जडेजा ने दो-दो विकेट लिए।
इससे पहले चेन्नई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। शुरुआत खराब
रही और 23 के स्कोर पर उसने ओपनर ब्रैंडन मैक्कुलम का विकेट गंवा दिया।
इसके बाद ड्वेन स्मिथ और सुरेश रैना ने दूसरे विकेट के लिए 54 रन की
साझेदारी की।
मगर 29 के निजी स्कोर पर स्मिथ के आउट होते ही सारा दारोमदार रैना और
कप्तान धोनी के कंधों पर आ गया। रैना ने 41 गेंदों पर पांच चौकों और एक
छक्के की मदद से 56 रन बनाए जबकि धोनी ने 15 गेंद में 32 रन की धुआंधार
पारी खेली। फैफ डु प्लेसिस ने 17 गेंदों में 24 रन बनाए। दिल्ली की ओर से
जयदेव उनादकट तीन विकेट झटके।
2012 से दिल्ली से नहीं हारी है चेन्नई
दिल्ली डेयरडेविल्स ने चेन्नई को अंतिम बार आईपीएल 2012 में हराया था। इसके बाद दोनों टीमों के बीच हुए चारों मुकाबले में चेन्नई ने बाजी मारी और दिल्ली को हर बार हार का सामना करना पड़ा।
अब तक चेन्नई की ओर से खेलने वाले मुरली विजय अब दिल्ली की ओर से खेल रहे हैं। मुरली आईपीएल में दो शतक लगाने वाले एकमात्र भारतीय बल्लेबाज हैं।
चेन्नई के आलराउंडर ड्वेन ब्रॉवो पिछले मैच में कैच के प्रयास में अपना कंधा चोटिल करा बैठे थे और इस कारण वह मैदान से 4-5 हफ्ते दूर रहेंगे। इस दौरान वह टीम के साथ भी नहीं होंगे।
पीटरसन आज का भी मैच नहीं खेले
चोट के कारण दिल्ली के कप्तान केविन पीटरसन पिछले दो मैच में मैदान पर नहीं उतर सके थे और उनकी जगह दिनेश कार्तिक ने टीम की कमान संभाली थी।
पीटरसन आज भी मैदान पर नहीं उतरेंगे और कार्तिक ही टीम की अगुवाई करेंगे। कार्यवाहक कप्तान कार्तिक की अगुवाई में दिल्ली ने एक मैच जीते तो एक मैच गंवाया है।