बैंक ऑफ इंडिया की ओर से आयोजित इंटर जोन क्रिकेट टूर्नामेंट में अहमदाबाद और कोलकाता जोन की टीमों ने जीत दर्ज की। इसके साथ ही दोनों टीमें सेमीफाइनल में पहुंच गईं।
क्रिकेट स्टेडियम सेक्टर-16 में अहमदाबाद और हैदराबाद जोन की टीमों में मुकाबला खेला गया। पहले खेलते हुए अहमदाबाद ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 152 रन बनाए। दिव्यानंद ने 33, भविन मेहता ने 26 रन बनाए।
गेंदबाजी में रमेश और विनोद कुमार ने दो-दो विकेट चटकाए। जवाब में हैदराबाद जोन की टीम 17.5 ओवर में 110 के स्कोर पर ही ढेर हो गई। जगदीश सबसे अधिक 24 रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।
विक्रांत ने 19 और विनोद ने 15 रन बनाए। गेंदबाजी में अहमदाबाद की ओर से भविन मेहता ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 22 रन देकर पांच विकेट चटकाए।
दूसरा मुकाबला कोलकाता और चेन्नई जोन के बीच जीएनपीएस सेक्टर-36 के क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया। पहले खेलते हुए चेन्नई की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 121 रन बनाए।
विजय ने 21 और पवन कुमार ने 17 रन बनाए। गेंदबाजी में के. दास, बनर्जी और एम लोधी ने दो-दो विकेट झटके। जवाब में कोलकाता की टीम ने 18 ओवर में चार विकेट पर 123 रन बनाकर मैच जीत लिया। टीम से एस. भट्टाचार्य ने शानदार 51 रन की नाबाद पारी खेली।