हॉकी इंडिया लीग में अपने होम ग्राउंड पर पहला मैच हारने के बाद पंजाब वारियर्स की टीम ने जबरदस्त वापसी करते हुए डॉबर मुंबई मैजिशियंस की टीम को 5-3 से हरा दिया।
एचएलआई में 25 फरवरी को अपने पहले उद्घाटन मैच पंजाब की टीम को दिल्ली वेव राइडर्स की टीम के हाथों 3-1 से शिकस्त का सामना करना पड़ा।
मोहाली के नए बने इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में एचआइएल का दूसरा मुकाबला पंजाब वारियर्स और डॉबर मुंबई मैजशियंस के बीच खेला गया। पहले मैच से हार का सबक सिखाते हुए पंजाब वारियर्स की टीम के खिलाड़ी इस मुकाबले में शुरू से ही लय में नजर आ रहे थे।
मैच के 11वें मिनट में मजिली ऑगस्टीन ने फील्ड गोल कर पंजाब वारियर्स के लिए खाता खोलकर स्कोर 1-0 किया। मैच के 15वें मिनट में डॉबर मुंबई मैजशियंस को पेनाल्टी कार्नर मिला।
टीम से मार्क ने पेनाल्टी कार्नर को गोल में तबदील कर स्कोर 1-1 से बारबरी पर ला दिया। इसके तीन मिनट बाद ही 17वें मिनट में डॉबर मुंबई मैजशियंस के स्वर्ण जीत सिंह ने फील्ड गोल कर अपनी टीम को 2-1 से बढ़त दिलाई।
इसके बाद पंजाब वारियर्स से मलक सिंह ने 30 वें मिनट में फील्ड गोल दाग स्कोर 2-2 किया। मैच के हॉफ समय तक दोनों टीमें 2-2 से बराबरी पर रही।
दूसरे हॉफ के 39वें मिनट में मुंबई मैजशियंस के विनय ने फील्ड गोल कर अपनी टीम को 3-2 की बढ़त दिलाई। इसके बाद पंजाब वारियर्स की टीम ने जोरदार वापसी की। मैच के 40वें मिनट में पेनाल्टी कार्नर मिला।
संदीप सिंह ने इस मौके का भरपूर फायदा उठाते हुए इसे गोल में बदल कर स्कोर 3-3 किया। मुकाबले में 47 वें मिनट में पंजाब वारियर्स को फिर से पेनाल्टी कार्नर मिला। टीम से सिरिलो क्रिस्टोफर ने कोई चूक नही की और गेंद सीधे गोल पोस्ट में गई।
इस तरह पंजाब वारियर्स ने 4-3 की बढ़त बना ली। मैच खत्म होने से कुछ मिनट पहले ही एक बार फिर से पंजाब वारियर्स को पेनाल्टी कार्नर मिला। इसे धर्मवीर सिंह ने गोल में बदल का अपनी टीम को मैच में 5-3 से जीत दिला दी।