आईपीएल की तर्ज पर इसी वर्ष शुरू हुए टूर्नामेंट के अंतिम मैच में इंडियन एसेस को यूएई रॉयल्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
लेकिन शुक्रवार को ही इंडियन एसेस ने एक राउंड शेष रहते ही ट्रॉफी अपने नाम कर दी थी। शनिवार को लीग के अंतिम मैच में इंडियन एसेस के गेल मोफिल्स को यूएई रॉयल्स के नोवॉक डिजोकोविच ने 6-0 से करारी शिकस्त दी।
अंक तालिका में सबसे ऊपर होने के कारण भारतीय टीम ट्रॉफी जीतने में कामयाब रही। दूसरे स्थान पर यूएई रॉयल्स और तीसरे स्थान पर मनीला मावरिक्स की टीम 35 अंक लेकर रही। 24 अंकों के साथ सिंगापुर की टीम सबसे निचले पायदान पर रही।
इंडियन एसेस की टीम में रोजर फेडरर, पिट सैम्प्रास, अना इवानोविच और भारत की टेनिस सनसनी सानिया मिर्जा जैसी दिग्गज खिलाड़ी शामिल थीं।