नॉटिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारत ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने एक विकेट खोकर 43 रन बनाए।
लाइव स्कोरकार्ड के लिए यहां क्लिक करें।
पहली पारी में इंग्लैंड की टीम अभी भारत से 414 रन पीछे है। सैम रॉबसन 20 और गैरी बेलेंस 15 रन बनाकर विकेट पर टिके हुए थे। इंग्लैंड के कप्तान कुक को 5 रन के निजी स्कोर पर भारतीय गेंदबाज मोहम्मद शमी ने बोल्ड किया।
इससे पहले भारत ने मुरली विजय के शानदार शतक (146) और महेंद्र सिंह धोनी (82), भुवनेश्वर कुमार (58) और मोहम्मद शमी के अर्द्धशतकों की बदौलत 457 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। भुवनेश्वर और शमी ने 10वें विकेट के लिए 111 रनों की साझेदारी की जो इस नंबर पर आए बल्लेबाजों की सबसे बड़ी भारतीय साझेदारी है।
10वें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी
ओपनर मुरली विजय और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की शानदार पारियों के बाद 10वें और 11वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए भुवनेश्वर कुमार और मोहम्मद शमी ने भी अर्धशतक जमाते हुए 10वें विकेट के लिए 111 रनों की साझेदारी कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। अंतिम विकेट के लिए हुई साझेदारी के दम पर भारत ने 457 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
भुवनेश्वर और शमी ने अपने टेस्ट करियर की सर्वश्रेष्ठ पारियां खेलते हुए शानदार अर्धशतक जड़े। भुवनेश्वर ने 149 गेंदों में पांच चौकों के साथ 58 रन बनाए। शमी 81 गेंदों में छह चौकों और एक छक्के के साथ 51 रन बनाकर नाबाद रहे।
इससे पहले सुबह भारत ने पहली पारी चार विकेट पर 259 रन से आगे बढ़ाई। पहले दिन शानदार शतक जड़ने वाले ओपनर मुरली विजय की पारी का अंत तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने किया। विजय 361 गेंदों में 25 चौकों और एक छक्के के साथ 146 रन बनाकर पवेलियन लौटे। विजय और धोनी ने पांचवें विकेट के लिए 126 रन जोड़े।
धोनी दुर्भाग्यशाली रहे और 152 गेंदों में 7 चौकों के साथ 82 रन बनाकर रनआउट हो गए। रविंद्र जडेजा 25 और अपना पहला टेस्ट खेल रहे स्टुअर्ट बिन्नी एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। रवींद्र जडेजा के आउट होने के बाद भारत की पारी अचानक लड़खड़ा गई और टीम ने 2 रन के अंतराल पर 4 विकेट गंवा दिए। यहां से भुवनेश्वर कुमार और शमी ने भारतीय पारी को संभाला।
गलत फैसले का शिकार हुए मुरली विजय
सलामी बल्लेबाज मुरली विजय (146) दूसरे दिन कल के अपने स्कोर 122 रन में महज 24 रन ही जोड़ सके। उन्होंने 25 चौकों और एक छक्के की मदद से 146 रन की नायाब पारी खेली। उन्होंने कप्तान धोनी के साथ 126 रन की साझेदारी भी निभाई।
टीम इंडिया को अंपायर रिव्यू सिस्टम न होने का नुकसान हुआ। एंडरसन की गेंद विकेट से काफी ऊपर थी लेकिन अंपायर ब्रूस ऑक्सेनफोर्ड ने विजय को आउट करार दे दिया जबकि टीवी रिप्ले में विजय आउट नहीं थे।
मुरली ने बेहद शानदार बल्लेबाजी करते हुए विदेशी धरती पर अपना पहला और करियर का चौथा शतक लगाया। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए चेतेश्वर पुजारा के साथ 73 और चौथे विकेट के लिए अजिंक्य रहाणे के साथ 71 रनों की साझेदारी करने के बाद पांचवें विकेट के लिए कप्तान धोनी के साथ शतकीय साझेदारी की। शानदार बल्लेबाजी करने वाले विजय ने इससे पहले अपने तीनों शतक भारतीय मैदान पर लगाए थे।
लंच के बाद जल्दी-जल्दी गंवाए 4 विकेट
दूसरे दिन लंच से पहले भारत मजबूत स्थिति में दिख रहा था और उसका स्कोर 5 विकेट पर 342 रन था। लेकिन लंच के बाद लौटने पर भारतीय पारी कल की तरह फिर लड़खड़ा गई। पहले दिन भी भारत ने लंच के तुरंत बाद चेतेश्वर पुजारा (38) और विराट कोहली (1) के विकेट गंवा दिए थे।
आज भी लंच के बाद भारत ने 4 रन के अंदर 4 विकेट गंवा दिए। रवींद्र जडेजा (25 रन, 2 चौका और 2 छक्का) बेन स्ट्रोक्स की गेंद पर विकेट के पीछे लपके गए। इसके बाद कप्तान धोनी 82 रनों के निजी स्कोर पर रन आउट हो गए।
भारत के लिए झटकों का अंत यहीं खत्म नहीं हुआ। अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे स्टुअर्ट बिन्नी ने भी टीम को निराश किया और एक रन बनाकर स्ट्रोक्स के दूसरे शिकार बने। इसके बाद इशांत शर्मा (1) स्टुअर्ट ब्रॉड की गेंद पर बोल्ड हो गए।