साल 2014 का पहला फाइनल मुकाबला क्रिकेट के मैदान पर दो चिर-प्रतिद्वंद्वी के बीच शनिवार को खेला जाएगा। यह खिताबी जंग दुनिया में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की मेजबानी कर चुके शरजाह में होगी।
भारत और पाकिस्तान की अंडर-19 की क्रिकेट टीमें एशिया कप के फाइनल में पहुंच चुकी है और क्रिकेटप्रशंसक के बीच साल की शुरुआत में ही जोरदार खिताबी टक्कर देखने को मिलेगा। भारत की नजर पलटवार पर होगी क्योंकि लीग मुकाबले में उसे पाक से हार का सामना करना पड़ा था।
भारतीय टीम की कमान विजय जोल के हाथों में हैं जबकि सामी असलम पाकिस्तान की टीम का नेतृत्व कर रहे हैं।
सेमीफाइनल में भारत को मिली रोमांचक जीत
भारतीय अंडर-19 टीम ने गुरुवार को दुबई में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में श्रीलंका को पांच गेंद शेष रहते तीन विकेट से हरा दिया।
ओपनर हसन डूमिंडू (60) और कप्तान कुशल मेंडिस (52) के अर्धशतकों की बदौलत श्रीलंका ने 50 ओवर में आठ विकेट पर 223 रन की चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया।
भारत की ओर से कुलदीप यादव ने तीन जबकि दीपक हुड्डा और सरफराज खान ने दो-दो विकेट झटके।
जवाब में टीम इंडिया ने 49.1 ओवर में सात विकेट पर 224 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। ओपनर अंकुश बैंस ने शानदार 54 रन, अखिल हेरवदकर ने 27, कप्तान विजय जोल ने 22, रिकी भुई ने 37, सरफराज खान ने 20 रन बनाए।
अंकुश बैंस को उनकी शानदार पारी के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
पाक की जीत में करामत की हैट्रिक
टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच शरजाह में खेला गया। पाकिस्तान ने अफगानिस्तान को 10 गेंद शेष रहते दो विकेट से हरा दिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान की पूरी टीम 48.4 ओवर में 196 रन बनाकर आउट हो गई। पाक की ओर से करामत अली ने 33 रन देकर पांच विकेट झटके। करामत अली ने इस मैच में शानदार हैट्रिक भी लगाई।
जवाब में पाक टीम की शुरुआत खराब रही लेकिन शुरुआती झटके से उबारते हुए कप्तान समी असलम ने 75 रनों की पारी खेलकर टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचा दिया।