हॉकी इंडिया लीग में सिटी ब्यूटीफुल के गुरजिंदर सिंह अपनी स्टिक से जौहर दिखाते नजर आएंगे।
मुंबई की टीम उनको 31 लाख 43 हजार में खरीदा है। हॉकी इंडिया लीग के दूसरे संस्करण के लिए 28 भारतीय और 21 विदेशी खिलाड़ियों को छह फ्रेंजाइजी टीमों ने खरीदा है।
इनमें शहर के गुरजिंदर सिंह ने मुंबई की टीम में स्थान पाया। गुरजिंदर सिंह फिलहाल इस समय दिल्ली में हैं वह दिसंबर में होने वाले जूनियर वर्ल्ड कप के लिए लगाए जा रहे कैंप में हिस्सा ले रहे हैं।
दिल्ली से फोन पर गुरजिंदर ने बताया कि मुंबई की टीम के साथ जुड़ने की काफी खुशी हैं। उन्होंने बताया कि हॉकी इंडिया लीग में वह पहली बार हिस्सा ले रहे हैं।
गुरजिंदर सिंह ने बताया कि हॉकी इंडिया लीग के पहले संस्करण का वह हिस्सा नहीं बन पाए थे, लेकिन इस बार मौका मिला और वह उसे भुनाने की पूरी कोशिश करेंगे।
गुरजिंदर सिंह का कहना है कि इस समय उनका पूरा फोकस भरतीय जूनियर हॉकी टीम में शामिल होने पर है। इसके लिए वह कैंप में रोजाना कड़ा अभ्यास कर रहे हैं।
गुरजिंदर ने बताया कि इस तरह की और लीग होनी चाहिए, जिससे भारत में हॉकी प्रमोट होगी। ऐसे आयोजनों से अधिक से अधिक खिलाड़ी हॉकी की ओर आकर्षित होंगे।
बकौल गुजरजिंदर क्रिकेट में आईपीएल के बाद हॉकी में भी खिलाड़ियों को पैसा मिलना शुरू हुआ हैं। इससे जूनियर खिलाड़ियों को फायदा होगा।
हॉकी एकेडमी के रहे हैं सदस्य
गुरजिंदर सेक्टर-42 स्थित हॉकी एकेडमी के 2005-2011 तक सदस्य रहे। यहीं पर उन्होंने कोच गुरमिंदर सिंह से हॉकी के दांवपेच सीखे।
मुंबई टीम से जुड़ने पर कोच गुरमिंदर ने खुशी जताते हुए कहा गुरजिंदर काफी होनहार और प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। उससे काफी उम्मीदें हैं।
वर्ल्ड सीरीज हॉकी में रहे हैं बेस्ट प्लेयर
2011 में खेली गई वर्ल्ड सीरीज हॉकी मे गुरजिंदर सिंह ने शानदार प्रदर्शन किया था। इसमें गुरजिंदर ने 16 गोल दागे थे और बेस्ट स्कोरर और बेस्ट प्लेयर का अवार्ड भी जीता था।