इंग्लिश टीम के लिए मशहूर गायक मिक जैगर की शुभकामना एक बार फिर अशुभ साबित हुई। इटली के खिलाफ पहले मैच के लिए जैगर ने इंग्लिश टीम को शुभकामना दी थी और टीम हार गई। उरुग्वे के खिलाफ मैच से पहले भी जैगर ने टीम को जीत की शुभकामना दी, लेकिन टीम एक बार फिर हार गई और वर्ल्ड कप से बाहर होने के कगार पर पहुंच गई।
इस मैच से पहले जैगर ने ट्विटर पर पोस्ट किया, "आगे बढ़ो इंग्लैंड! इस मैच को जीतना है!" साल 2010 में जैगर अपने बेटे लुकास के साथ कई मैचों के दौरान स्टेडियम में मौजूद थे। जैगर ने तब ब्राजील सहित जिस भी टीम को सपोर्ट किया था, वह बुरी तरह फ्लॉप रहीं। तबसे उन्हें अशुभ माना जाता है।
जिस दिन इंग्लैंड की टीम उरुग्वे के साथ खेली, उस दिन जैगर अपने बैंड के साथ जर्मनी में थे, लेकिन उनका बेटा लुकास साओ पालो स्टेडियम में अपनी मां लूसियाना गिमेनेज के साथ मौजूद थे। लुकास जहां इंग्लैंड की जर्सी में थे, वहीं उनकी टीवी प्रस्तोता ने ब्राजीली टीम की शर्ट के ऊपर चेल्सी का कोट पहना था। इंग्लैंड की हार के बाद ब्राजील के प्रशंसक जैगर और उनके परिजनों से कोई शुभकामना नहीं चाहते हैं।
विपक्षी खिलाड़ी ने रखी 'किस' की शर्त
इंग्लैंड की वर्ल्ड कप के नॉकआउट में पहुंचने की संभावना नहीं के बराबर है, लेकिन इटली की मदद से टीम यह चमत्कार कर सकती है। इसके लिए इंग्लिश टीम को अपनी आखिरी लीग मैच में केवल कोस्टारिका को हराना होगा, बल्कि यह भी दुआ करनी होगी कि इटली कोस्टारिका और उरुग्वे दोनों को हरा दे।
इस जटिल समीकरण को समझते हुए इटली के स्टार स्ट्राइकर बालोटेली ने इस चमत्कार को हासिल करने के लिए इंग्लैंड की पूरी मदद करने का प्रस्ताव रखा है। बालोटेली ने ट्विटर पर यह देते हुए एक शर्त भी रख दी है।
बालोटेली ने ट्वीट किया, "अगर हम कोस्टारिका को हरा देते हैं, तो मैं अपने गालों पर एक 'किस' चाहूंगा, वो भी महारानी से।" यह पता नहीं है कि महारानी ने इस प्रस्ताव पर क्या प्रतिक्रिया जताई है।
एक महिला पत्रकार की खूबसूरती चर्चा में
आमतौर पर फुटबॉलरों की बीवियां और प्रेमिकाएं वर्ल्ड कप के ब्यूटी सेक्शन में सुर्खियां बनती हैं लेकिन इस बार खूबसूरत महिला संवाददाता सुर्खी बन रही हैं।
मैक्सिको की नीली आंखों और सुनहरे बालों वाली पत्रकार वेनेसा हप्पनकोटन ब्राजील में सभी के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। मंगलवार को मैक्सिको और ब्राजील के बीच खेले गए मैच के दौरान वेनेसा इंटरनेट पर छाई रहीं। फोर्टालेजा के स्टेडियम में ली गई उनकी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।
वर्ल्ड कप कवर करने ब्राजील पहुंचीं वेनेसा स्टेडियमों में फुटबॉल पर गंभीर बातें करती हैं और बिकनी पहने बीच पर दूसरे मुद्दों पर ज्ञान देती है। उन्हें ट्विटर पर अपनी तस्वीरें पोस्ट करना पसंद है। साथ ही वह यह बताना भी नहीं भूलतीं कि वह मैक्सिको में एक रियलिटी डांस शो जीत चुकी हैं।
मुंह को ढक कर बात कर रहे हैं ब्राजील के खिलाड़ी
मेजबान ब्राजील के खिलाड़ियों और कोच ने अपनी रणनीति दूसरों से छिपाए रखने के लिए एक अनोखी युक्ति निकाली है। एक-दूसरे से बात करते समय अब वे अपने मुंह को हाथ से ढक लेते हैं ताकि कोई उनके होंठों को पढ़ न सके। मैचों का सजीव प्रसारण होता है और खिलाड़ियों की हर हरकत पर कैमरे की नजर रहती है।
टीम को गुप्त तरीके से आपस में बात करने को कहा गया है क्योंकि ऐसी रिपोर्ट हैं कि दूसरी टीमें ब्राजील के बारे में जानकारी जुटाने के लिए लिप मूवमेंट को पढ़ने वाले विशेषज्ञों की सेवाएं ले रही हैं।
ऐसे में न केवल ब्राजील के खिलाड़ी सावधानी बरत रहे हैं बल्कि कोच लुईज फेलिप स्कोलारी और उनका सपोर्ट स्टाफ भी एक-दूसरे से आंखों ही आंखों में बातें कर रहे हैं।