ब्राजील के युवा स्ट्राइकर नेमार को मंगलवार को मैक्सिको के खिलाफ फोर्टलेजा में खेले गए कड़े मुकाबले के बाद जब एक दिन का समय मिला, तो वह सीधे अपनी गर्लफ्रैंड ब्रूना मार्कजीन से मिलने रियो डि जेनेरो जा पहुंचे।
विज्ञापन
ब्रूना रियो में ही रहती हैं और टीवी सीरियल 'दि फैमिली' में एक्टिंग करती हैं। उन्होंने भी अपना तय एजेंडा छोड़कर नेमार के साथ समय बिताने का फैसला किया। नेमार के रियो पहुंचने के बाद यह जोड़ा मंगलवार को सांता टेरेसा के एक लक्जरी होटल में गया।
होटल में दोनों सबसे महंगे सुइट में ठहरे, जिसका नाम लॉफ्ट सुइट है और इसका हर दिन का किराया करीब चार लाख रुपए है। बिल का भुगतान ब्रूना मार्कजीन ने किया। इस सुइट को 'वॉलपेपर' नाम की पत्रिका ने "दुनिया का सबसे बेहतर ढंग से डिजाइन किया गया सुइट" करार दिया है।
विज्ञापन
हार पर हो रहा जमकर मजाक
पिछले विश्व चैंपियन स्पेन की चिली के खिलाफ हार सोशल नेटवर्क पर उस समय विवादास्पद बन गई, जब मेजबान ब्राजील के लेखकों और कलाकारों ने टीम का मजाक उड़ाया।
खिताब के दावेदार माने जा रहे स्पेन को अपने पहले मैच में पिछली उपविजेता नीदरलैंड्स से 1-5 से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी और अब वह चिली से 0-2 से हारकर वर्ल्ड कप से बाहर हो गया है।
लगातार दो बार की यूरोपीय चैंपियन और दुनिया की नंबर एक टीम स्पेन के इस प्रदर्शन पर कई जाने-माने लोगों ने टिप्पणी की है।
स्पेन का उत्साह भी बढ़ाया जा रहा
ब्राजील के प्रसिद्ध कलाकार केटानो वेलोसो ने लिखा, "चिली का जोरदार अभिनंदन, जिसने अभी-अभी माराकाना में 2014 का वर्ल्ड कप जीता है, और उसे दुनिया भर से अभिनंदन मिला।"
हास्य कलाकार हेनरी कॉस्टेली ने ट्विटर पर लिखा, "चिली ने स्पेन को जो चॉकलेट दी है, वो बहुत अच्छी है। टिकट प्रमोशन: 22 लोगों के ग्रुप में रियो से मैड्रिड उड़ान भरने पर विशेष छूट।"
लेकिन इस हार के बावजूद स्पेन के गायक अलेजांद्रो सेंज ने अपनी टीम का हौसला कम नहीं किया और उन्होंने एक अच्छा मैसेज भेजा, "मैं अपनी टीम का उत्साह बढ़ाता हूं, जिसने हमें कई खुशियां दी हैं।"
चिली की 'सुनामी' से आया संकट
बुधवार को स्पेन के खिलाफ मैच से पहले रियो डि जेनेरो के माराकाना स्टेडियम में चिली के प्रसंशकों का एक बड़ा हुजूम उमड़ पड़ा। करीब 100 दक्षिण अमेरिकी फैन एक घंटे पहले मीडिया सेंटर जा पहुंचे। उनका दावा था कि वे मीडिया से हैं। चूंकि उनके पास कोई पास या टिकट नहीं था, इसलिए वो दरवाजे से दौड़ते हुए अंदर आए और मीडिया सेंटर में जा पहुंचे।
हालांकि उनमें से कई को रोक लिया गया, लेकिन एक छोटा समूह स्टेडियम में प्रवेश करने में कामयाब रहा जिससे वहां अफरातफरी मच गई।
चिली के प्रशंसकों की इस आपाधापी में मीडिया सेंटर में कुछ टीवी सेट टूट गए और साथ ही कुछ मेजों को भी नुकसान पहुंचा। सुरक्षाबल अब सीसीटीवी फुटेज के जरिए इन लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं।
इटली ने इंग्लैंड पर और जर्मनी ने पुर्तगाल पर जीत दर्ज करने के साथ ही वर्ल्ड कप में अच्छी शुरुआत की लेकिन ब्राजील में सिर्फ इन टीमों के खिलाड़ी ही इन अच्छे पलों के मजे नहीं ले रहे हैं।
बल्कि खिलाड़ियों के साथ संबंध रखने वाली हसीनाएं भी ब्राजील में मजे ले रही हैं। बुधवार को ऐसे ही दो नजारे देखने को मिले।
इटली के स्ट्राइकर बालोटेली की पत्नी फैनी नेगुएशा ने रियो के एक रिजॉर्ट में धूप का आनंद लेते हुए एक फोटो पोस्ट की। इसी तरह जर्मनी के स्ट्राइकर आंद्रे शूरला की पत्नी भी सन बाथ करती हुई दिखाई दीं। उन्होंने ब्राजील की तारीफ करते हुए लिखा, "मुझे ब्राजील की यह जीवनशैली पसंद आ रही है।"