ब्राजील में होने वाले वर्ल्ड कप के लिए सभी 32 टीमें इन दिनों अभ्यास मैच खेलने में व्यस्त हैं। पूर्व चैंपियन फ्रांस ने वर्ल्ड कप से ठीक पहले अपनी तैयारियों का पुख्ता संकेत देते हुए जमैका को एक अभ्यास मैच में 8-0 से रौंद दिया है।
1998 में वर्ल्ड चैंपियन बनने वाले फ्रांस टीम की पिछले 19 वर्षों में यह सबसे बड़ी जीत है।
फ्रांस ने इससे पहले 1995 में यूरो कप 1996 के क्वालिफायर में अजरबैजान को 10-0 से धो डाला था। फ्रांस की टीम आधे समय तक 3-0 से आगे थी।
फ्रांस के करीम का करिश्माई प्रदर्शन
विजयी टीम फ्रांस के लिए करीम बेनजेमा ने करिश्माई प्रदर्शन करते हुए 2 गोल किए और 3 गोलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बेनजेमा ने 38वें और 63वें मिनट में गोल किए।
बाकी गोल ब्लेस मातुईदी ने 20वें और 66वें मिनट में, एंटोएन ग्रीजमैन ने 77वें और 89वें मिनट में, योहान कबाये ने 17वें और ओलिवियर गिरोड ने 53वें मिनट में गोल किए।
इस जीत के बाद फ्रांस के कोच दिदियर डेसचैम्पस ने कहा, "इस बड़ी जीत ने हमें आत्मविश्वास दिया है लेकिन इससे हमें होंडुरास के खिलाफ अपने पहले ग्रुप-ई मैच के लिए कोई गारंटी नहीं मिलती है।" फ्रांस को अपने होंडुरास से खेलने के बाद स्विट्जरलैंड और इक्वाडोर से खेलना है।
इम्मोबाइल की हैट्रिक से जीता इटली
कीरो इम्मोबाइल की शानदार हैट्रिक से पूर्व चैंपियन इटली ने ब्राजीली क्लब फ्लमीनेंस को एक अन्य अभ्यास मैच में 5-3 से पीट दिया। इम्मोबाइल की हैट्रिक के अलावा लोरेंजो इनसिग्ने ने इटली की जीत में 2 गोल दागे।
हालांकि इटली की रक्षापंक्ति और तीसरे नंबर के गोलकीपर मातिया पेरिन को लेकर अब भी सवाल उठ रहे हैं। रियो डि जेनेरो में रोलिनो डि ओलिविएरा स्टेडियम में 17 हजार दर्शकों की उपस्थिति में इटली ने शानदार प्रदर्शन किया।
इटली ने इससे पहले दो दोस्ताना अंतरराष्ट्रीय मैचों में आयरलैंड से गोलरहित ड्रॉ और लक्जमबर्ग से 1-1 का ड्रॉ खेला था। इटली का वर्ल्ड कप में शनिवार को अपने पहले मैच में मानौस में पूर्व चैंपियन इंग्लैंड के साथ मुकाबला होगा। इटली को इसके बाद ग्रुप-डी में कोस्टारिका और उरुग्वे से खेलना है।
एशियाई टीम ईरान की भी शानदार जीत
एशिया की दिग्गज टीम ईरान ने अपने चौथे वर्ल्ड कप अभियान को तेजी देते हुए त्रिनिदाद एंड टोबैगो को 2-0 से हरा दिया। ईरान ने हालांकि इस जीत में एक पेनल्टी भी गंवाई।
एहसान हाजी साफी ने हाफ टाइम से ठीक पहले गोल किया जबकि रेजा घूचेनेजहाद ने टीम का दूसरा गोल 54वें मिनट में किया।
ईरान ने 51वें मिनट में पेनल्टी गंवाई थी जब जवाद नैकोनैम के शॉट को जॉन माइकल विलियम्स ने बचा लिया। ईरान 2006 के बाद अपना पहला वर्ल्ड कप खेल रहा है।