फीफा वर्ल्ड कप के माध्यम से पर्यावरण को भी बेहतर करने के लिए ब्राजील के एक शहर ने अनोखी योजना तैयार है। इस योजना को सफल होने के लिए खिलाड़ियों को मैच में दनादन गोल करने होंगे।
वर्ल्ड कप के दौरान ब्राजील के उत्तर पूर्वी राज्य बाहिया में सल्वाडोर के फोंटे नोवा एरेना में होने वाले हर गोल पर 1111 पेड़ लगाए जाएंगे।
स्थानीय सरकार का गोल के माध्यम से कुल 31,111 पेड़ लगाने का लक्ष्य है। इस स्टेडियम में अब तक 3 मुकाबले हुए हैं उसमें काफी गोल भी हुए हैं।
वृक्षारोपण की सफलता गोल पर टिकी
स्थानीय सरकार की योजना तभी सफल होगी जब हर मैच में ढेर सारे गोल होंगे। कुल 31,111 पेड़ लगाने का लक्ष्य को पूरा करने के लिए हर मैच में कम से कम 5 गोल होने चाहिए। जबकि वर्ल्ड कप में हर मैच में गोल का औसत 2.86 प्रतिशत ही है।
पूर्व चैंपियन फ्रांस ने शुक्रवार की रात स्विट्जरलैंड को 5-2 से रौंद दिया। इस तरह से सल्वाडोर स्टेडियम में खेले गए 3 मैचों से अब तक कुल 17 गोल दागे जा चुके हैं।
इससे पहले हुए 2 अन्य मैचों में भी काफी गोल हुए। नीदरलैंड्स ने स्पेन को 5-1 से रौंदा था जबकि जर्मनी ने पुर्तगाल को 4-0 से हराया था। अब तक हुए 17 गोलों के हिसाब से देखा जाए तो पेड़ों की संख्या 18887 तक पहुंच गई है।
अभी और भी खेले जाने हैं मुकाबले
साल्वाडोर के फोंटे नोवा एरेना में अभी 3 और मैच खेले जाने हैं। लीग चरण में बुधवार को ग्रुप-एफ में बोस्निया-हर्जेगोविना और ईरान के बीच मुकाबला होगा।
इसके बाद इसी मैदान पर अंतिम 16 नॉकआउट दौर का एक मैच खेला जाएगा। साथ ही एक क्वार्टर फाइनल मुकाबला भी खेला जाएगा।
हालांकि स्थानीय आयोजकों के लिए यह संख्या कुछ हद तक सिरदर्द भी बन गई है।