फुटबॉल ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन मामले में देहरादून की लड़कियां सबसे आगे हैं। अब तक उत्तराखंड में 93 लड़कियां ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा चुकी है।
जबकि फुटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के मुताबिक, बगैर रजिस्ट्रेशन के कोई भी खिलाड़ी नेशनल टूर्नामेंट नहीं खेल सकती। नेशनल या कोई भी ऑल इंडिया टूर्नामेंट खेलने के लिए उसे रजिस्ट्रेशन कराना होगा। नैनीताल जिले से 14 लड़कियां रजिस्ट्रेशन करा चुकी हैं।
उत्तराखंड में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया तेजी में हैं। अल्मोड़ा में हुई राज्य स्तरीय फुटबॉल प्रतियोगिता में 93 महिला खिलाड़ी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा चुकी हैं। प्रतियोगिता में छह टीमों ने हिस्सा लिया था। इसमें से पांच टीमों ने टूर्नामेंट के दौरान ही अपने रजिस्ट्रेशन करा लिए थे। जबकि अल्मोड़ा की टीम ने अब तक रजिस्ट्रेशन नहीं कराए हैं।
उत्तराखंड स्टेट फुटबॉल एसोसिएशन के मीडिया प्रवक्ता मुईनुद्दीन खान ने बताया कि देहरादून से 42, पौड़ी से 15, नैनीताल से 14, चमोली से 12 और हरिद्वार से 10 महिला खिलाड़ियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा दिए हैं।
अब तक कुल 93 खिलाड़ियों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है। जबकि अल्मोड़ा की टीम जल्द ही रजिस्ट्रेशन करा लेगी। बगैर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के कोई भी खिलाड़ी नेशनल प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं ले सकेगा।
1204 पुरुष खिलाड़ी करा चुके हैं ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
हल्द्वानी। अब तक प्रदेश के 1204 पुरुष फुटबॉल खिलाड़ी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। इस बार चंपावत के 13, हरिद्वार के 10, टिहरी के 14, पौड़ी के 12, उत्तरकाशी के 13 और ऊधमसिंह नगर के 7 खिलाड़ियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराए। जबकि 1135 खिलाड़ी पहले रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं।