राजधानी के डीआईटी विश्वविद्यालय के वार्षिक क्रीड़ा उत्सव स्फूर्ति का शनिवार को आगाज हो गया। चार दिवसीय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 6 खेलों में 900 से अधिक खिलाड़ी शामिल होंगे।
सुभाष रोड स्थित होटल पैसिफिक में शुक्रवार को पत्रकार वार्ता में विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर डा. कृष्ण कुमार ने बताया कि आयोजन पांच से आठ अप्रैल तक चलेगा, जिसमें 25 से अधिक विश्वविद्यालय और संस्थान प्रतिभाग करेंगे।
16 टीमें खेल रही हैं
उद्घाटन शनिवार को अति विशिष्ट सेवा मेडल और परम विशिष्ट मेडल से सम्मानित ले.ज. ओपी कौशिक ने किया। स्फूर्ति-2014 में क्रिकेट, बैडमिंटन, बास्केटबाल, वालीबाल, फुटबाल और टेबल टेनिस का आयोजन होगा।
क्रिकेट में 16 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। इसके मैच महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज, अभिमन्यु क्रिकेट एकेडमी और कसिगा स्कूल में होंगे।
बैडमिंटन प्रतियोगिता बहुउद्देश्यीय क्रीड़ा हॉल परेड ग्राउंड में आयोजित होगी, जिसमें 24 से अधिक टीमों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। बास्केटबाल में 14 और टेबल टेनिस में 8 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं, दोनों प्रतियोगिताएं विश्वविद्यालय कैंपस में होंगे।
फुटबाल में 12 और वालीबाल में 10 टीमें शामिल होंगी, दोनों प्रतियोगिताएं पवेलियन ग्राउंड में होंगी। पत्रकार वार्ता में प्रो. बाबू, प्रो. शिशु कुमार, प्रो. संदीप विजय आदि मौजूद रहे।