बढ़ती महंगाई और खिलाड़ियों की जरूरत को देखते हुए भले ही उत्तराखंड के खेल मंत्री ने हॉस्टलों में रह रहे खिलाड़ियों की डाइट 225 रुपए रोजाना करने का ऐलान कर दिया हो, मगर मेस ठेकेदार नहीं मिलने से खिलाड़ियों को सिर्फ 80 रुपए में तीनों वक्त की डाइट मिल रही है।
अब इतने में उसे क्या मिल रहा है, यह देखने वाला कोई नहीं। यह हाल तब है, जब खेल विभाग खुद प्रति खिलाड़ी 150 रुपए रोजाना डाइट की घोषणा कर चुका है। अब सवाल जरूर उठता है कि खिलाड़ियों की डाइट 80 से 150 रुपए नहीं हो पाई तो 225 रुपए कैसे हो पाएगी। या फिर खेलमंत्री का ऐलान हवा-हवाई ही साबित होगा।
और दावा, दे रहे पूरी डाइट
जिला खेल कार्यालय के दावों के मुताबिक आज भी 80 रुपए में खिलाड़ियों को तीन वक्त का खाना और दो टाइम दूध पिलाया जा रहा है। लेकिन महंगाई के इस दौर में पूरी कैलोरी की डाइट 80 रुपए में संभव नहीं लगती।
फिर भी खेल अधिकारी खिलाड़ियों को पूरी डाइट देने का दावा करते हैं। खेल मंत्री को 225 रुपए रोजाना डाइट करते वक्त शायद पता नहीं रहा होगा कि अब तक विभाग की घोषणा के मुताबिक खिलाड़ियों को 150 रुपए डाइट भी नसीब नहीं हो रहा है।
इसलिए आ रही दिक्कत
सूत्रों की मानें तो हॉस्टल में छात्रों की संख्या कम होने से टेंडर के बावजूद कोई मेस ठेकेदार सामने नहीं आता है। ऐसे में उत्तर प्रदेश के वक्त से चली आ रही को-ऑपरेटिव मेस समिति हॉस्टल में खाने की जिम्मेदारी उठा रही है। देहरादून स्थित फुटबॉल हॉस्टल के साथ दूसरों खेल हॉस्टलों का भी यही हाल है।
टेंडर प्रक्रिया में किसी ठेकेदार के रुचि न लेने से अब तक 150 रुपये डाइट नहीं दी सकी थी। टेंडर नहीं हो पाने की सूरत में कोऑपरेटिव मेस समिति के तहत नए रेट लागू करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
- अजय अग्रवाल, उप निदेशक खेल
यहां हॉस्टलों में खिलाड़ी
देहरादून 20
हल्द्वानी 20
पिथौरागढ़ 20
कोटद्वार 20
अगस्त्यमुनि 25
पौड़ी 10
ये है डाइट चार्ट
नाश्ता- ब्रेड-4 पीस, मक्खन-20 ग्राम, दलिया, अंडा-1, फल-1, दूध-200 मिली
लंच- दाल, चावल, सब्जी, सलाद, दही या रायता
शाम- दूध 200 मिली
डिनर- रोटी, सब्जी, सलाद, चिकन, पनीर (शाकाहारी के लिए)
रात का मीनू हर दिन बदलता रहता है।
बाजार में (कम से कम दाम हैं)
नाश्ता- दो पराठे, सब्जी- 25 रुपए
लंच- दाल, चावल, सब्जी, सलाद- 50 रुपए प्रति प्लेट
डिनर- रोटी, सब्जी, दाल, सलाद- 60 रुपए प्रति प्लेट
चाय- 8 से 15 रुपए प्रति कप, जगह के अनुसार