चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल में दो बार खिताब जीतने के अलावा सबसे मजबूत टीम भी मानी जाती है जबकि पंजाब का पिछला रिकॉर्ड उतार चढाव से भरा रहा है।
गत सीजन जहां चेन्नई 16 में से 11 मैच जीतकर शीर्ष टीमों में रही थी तो पंजाब छठे नंबर पर पहुंच पाई थी।
दोनों ही टीमों का आंकलन किया जाए तो चेन्नई के पास बेहतरीन बल्लेबाजी और गेंदबाजी क्रम है तो पंजाब को पिछले सीजन में उसके बल्लेबाजों ने डुबोया था।
सहवाग पर होगा पंजाब का दारोमदार
हालांकि टूर्नामेंट के सातवें संस्करण के शुरूआती मैच विदेशी जमीन पर हो रहे हैं और इस बार नीलामी में भी कई खिलाड़ियों को विभिन्न टीमों में खेलने का मौका मिल रहा है।
दिल्ली के विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग इस बार पंजाब की टीम का सबसे बड़ आकर्षण होंगे। सहवाग दिल्ली के कप्तान रह चुके हैं लेकिन टीम के किसी भी खिलाड़ को इस बार बरकरार नहीं रखने की स्थिति में पंजाब ने उन्हें खरीदने में समझदारी दिखाई है।
इसके अलावा पंजाब ने समझदारी से पैसा खर्च करते हुए कई अहम ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों पर दांव खेलकर मिचेल जॉनसन, ग्लेन मैक्सवैल और जॉर्ज बैली को टीम का हिस्सा बनाया है। ऐसे में बल्लेबाजों और गेंदबाजों को लेकर टीम काफी संतुलित दिखाई दे रही है।
रैना के नाम है सर्वाधिक रन
दूसरी ओर चेन्नई ने अपने प्रमुख चेहरों को टीम में बरकरार रखा है और इस बार भी उनका जलवा देखने को मिल सकता है।
कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, सुरेश रैना, ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा, ऑफ स्पिनर आर अश्विन टीम के भरोसेमंद खिलाड़ियों में हैं।
सुरेश रैना 2008 से 2013 तक ओवरआल आईपीएल के संस्करणों में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।
गेंदबाजों में अश्विन ने अभी तक चेन्नई के लिए पिछले पांच संस्करणों में 67 मैचों में 64 विकेट हासिल किए हैं जबकि दूसरे नंबर पर कैरेबियाई खिलाड़ ड्वेन ब्रावो का नंबर आता है जो 2011 में टीम का हिस्सा बने थे और पिछले तीन संस्करणों में उन्होंने 43 मैचों में 7.96 के इकोनोमी रेट से 53 विकेट अपने खाते में डाले हैं।
भ्रष्टाचार मामले का पड़ सकता है चेन्नई पर असर
हालांकि टीम में कई बेहतरीन खिलाड़ियों और पिछले बेहतरीन प्रदर्शनों के बावजूद आईपीएल छह में भ्रष्टाचार मामले को लेकर जांच के घेरे में आई चेन्नई मनोवैज्ञानिक रूप से दबाव में जरूर होगी।
टीम के कोच स्टीफन फ्लेमिंग कह चुके हैं कि मैदान के बाहर टीम को लेकर चल रहे विवाद उसके खिलाड़ियों की एकाग्रता को प्रभावित कर सकते हैं।
खासतौर पर धोनी के इस मामले से सीधे जुड़े होने के कारण टीम पर इसका असर पड़ सकता है जिसका फायदा पंजाब उठा सकती है।
टीमें इस प्रकार हैं
चेन्नई सुपर किंग्सः महेंद्र सिंह धोनी, बाबा अपराजित, आर अश्विन, सैम्युअल बद्री, ड्वेन ब्रावो, फाफ डू प्लेसिस, जॉन हेस्टिंग्स, मैट हेनरी, बेन हिल्फेनहास, रविंद्र जडेजा, ब्रैंडन मैककुलम, मिथुन मन्हास, रोनित मोरे, पवन नेगी, आशीष नेहरा, ईश्वर पांडे, सुरेश रैना, विजय शंकर, मोहित शर्मा, ड्वेन स्मिथ।
किंग्स इलेवन पंजाब ः अनुप्रीत सिंह, परविंदर अवाना, लक्ष्मीपति बालाजी, रिशी धवन, गुरकीरत सिंह, बियूरन हैंड्रिक्स, मिचेल जॉनसन, करनवीर सिंह, मुरली कार्तिक, मनदीप सिंह, शॉन मार्श, ग्लेन मैक्सवेल, डेविड मिलर, अक्षर पटेल, तिषारा परेरा, चेतेश्वर पुजारा, रिद्धिमान साहा, संदीप शर्मा, वीरेंद्र सहवाग, शिवम शर्मा, शारदुल ठाकुर, मनन वोहरा।