मोहाली का पीसीए स्टेडियम मंगलवार को वीरू की एंट्री से गरमा गया। मौका था सैयद मुश्ताक अली ट्राफी के मुकाबले का और हिमाचल के सामने थी नई दिल्ली की टीम।
आईपीएल के ठीक पहले प्लेयर्स को मिला यह टी-20 का मौका भुनाने में न तो वीरेंद्र सहवाग पीछे हटे न ही गौतम गंभीर। हिमाचल की टीम को 134 पर रोकने के बाद दोनों उतरे और ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करके हिमाचल प्रदेश के गेंदबाजों की बोलती बंद कर डाली।
नई दिल्ली की टीम ने यह मुकाबला छह विकेट से जीता। इस जीत के संग ही सर्विसेज को चार अंक मिल गए।
मोहाली के पीसीए स्टेडियम में दिल्ली की जीत में वीरेंद्र सहवाग (42) और गौतम गंभीर (41) की जोड़ी ने जबरदस्त कमाल दिखाया।
दिल्ली ने हिमाचल को टास जीतकर पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। हिमाचल की टीम निर्धारित बीस ओवर में छह विकेट पर 134 रन ही बना सकी। हिमाचल के लिए पारस डोगरा (40 नाबाद) ने सर्वाधिक रन बनाए।
एन गंगटा (29), आर. धवन (27) और प्रशांत चोपड़ा (24) भी टीम के लिए ज्यादा योगदान नहीं दे सके। ईशांत शर्मा ने 22 रन देकर दो और एस नारांगवाल ने 19 रन देकर एक विकेट लिया। वरुण सूद और मिलिंद कुमार ने एक-एक विकेट झटका।
नई दिल्ली की टीम ने 135 रन का लक्ष्य चार विकेट खोकर 18.5 ओवर में हासिल कर लिया। दिल्ली के लिए सहवाग-गंभीर ने पहले विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी की।
सहवाग ने 32 गेंदों में पांच चौके और एक छक्का जड़ दिया। गंभीर ने 40 गेंदों में छह चौकों की मदद से 41 रन बनाए। उन्मुक्त (7) कोई कमाल नहीं दिखा सके। मिलिंद कुमार ने 22 और रजत भाटिया ने 13 रन बनाए। हिमाचल के विपुल शर्मा ने दो विकेट झटके।
सर्विसेज ने हराया जम्मू कश्मीर को
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करना जम्मू कश्मीर को रास नहीं आया। जम्मू कश्मीर की टीम कोटे के पूरे बीस ओवर भी नहीं खेल सकी। सर्विसेज के एस नाजर ने चार विकेट चटका कर विपक्षी टीम की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
जम्मू कश्मीर की टीम 18.4 ओवर में सिर्फ 91 रन बना सकी। एस बेग ने 24 रन बनाए। सर्विसेज की टीम ने यह लक्ष्य तीन विकेट खोकर 16.4 ओवर में हासिल कर लिया।
आर एस पालीवाल और एएच गुप्ता ने 29 और 25 रनों का योगदान दिया। जम्मू कश्मीर के लिए आबिद नबी ने दो विकेट झटके।