देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के छात्र अन्नू ने विशाखापट्टनम में खेली जा रही 13वीं राष्ट्रीय अंतर जनपदीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता है।
अन्नू ने मीट का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाते हुए देशभर के धावकों में पहला स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में प्रदेश को यह पहला पदक मिला है। विशाखापट्टनम में 13वीं राष्ट्रीय अंतर जनपदीय जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता पांच सितंबर से शुरू हुई।
तीन दिवसीय प्रतियोगिता में रविवार को अंडर-14 वर्ग की 600 मीटर दौड़ आयोजित की गई। प्रतियोगिता में स्पोर्ट्स कॉलेज के छात्र अन्नू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया।
एथलेटिक्स कोच लोकेश ने बताया कि अन्नू ने 1.25.97 मिनट (एक मिनट 25 सेकेंड 97 माइक्रो सेकेंड) का रिकॉर्ड समय लेकर पहला स्थान हासिल किया। उन्होंने दावा किया कि अन्नू ने इस मीट का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है।