पाकिस्तान के बेहतरीन क्रिकेटरों में शुमार उमर अकमल अपने देश में खासे लोकप्रिय हैं ही, साथ ही कई बार उनका नाम विवादों में भी जुड़ता रहा है।
पिछले दिनों ट्रैफिक सिग्नल का उल्लंघन करने के बाद ट्रैफिक पुलिस को धमकाने और उसकी वर्दी फाड़ने के आरोप में उमर अकमल को पुलिस ने लाहौर में गिरफ्तार कर लिया था। तब उनके खिलाफ पाकिस्तान पैनल कोड के तहत 186, 279 और 353 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। बाद में उन्हें इसके लिए माफी मांगनी पड़ी थी।
लेकिन एक नए घटनाक्रम में उमर अकमल अब अपनी ही शादी के कारण विवादों में आ गए और नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में उन पर केस दर्ज हो गया है।
इस बार शादी का जश्न बन गया मुसीबत
जनवरी में ट्रैफिक नियमों को तोड़ने के आरोप में जेल की हवा खाने के बाद अब उनकी खुद की शादी का समारोह ही उनके लिए मुसीबत का सबब बन गया और समारोह में नियमों के उल्लंघन के आरोप में उन्हें परिवार सहित कानूनी मामले का सामना करना पड़ा।
युवा पाक बल्लेबाज उमर को अपनी शादी के समारोह को 10 बजे तक जारी रखने और शादी में कई तरह के व्यंजन परोसने के अलावा कवरेज के लिए पहुंची मीडिया के साथ बदसलूकी करने के कारण पंजाब सरकार के शादी समारोह कानून की धारा के तहत दोषी बनाया गया है।
इतना ही नहीं उमर अकमल के अलावा उनके पूरे परिवार को भी इसके तहत आरोपी बना दिया गया है।
उमर समेत अकमल परिवार पर दर्ज हुआ केस
लाहौर के बाहरी क्षेत्र स्थित एक फॉर्म हाउस में उमर अकमल की शादी में हीना रस्म के दौरान यह सारी घटना हुई।
कामरान अकमल के इस छोटे भाई की शादी का पूरा समारोह उस दौरान टीवी पर प्रसारित भी किया जा रहा था।
अकमल और उनके परिवार के खिलाफ हीर पुलिस स्टेशन में यह मामला दर्ज किया गया है। टीवी फुटेज पर उमर के भाई और पाकिस्तानी क्रिकेटर कामरान अकमल, अदनान और अन्य रिश्तेदारों को भी पुलिस प्रशासन के साथ बातचीत करते दिख रहे हैं।
पत्नी संग फरार हो गए उमर अकमल
स्थानीय मीडिया के अनुसार पुलिस उमर अकमल को गिरफ्तार करने के लिए उनके घर भी पहुंची थी लेकिन वह अपनी पत्नी के साथ किसी अज्ञात स्थान पर चले गए।
पुलिस ने इस मामले में फॉर्म हाउस के मालिक और केटरर सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन उमर अकमल गिरफ्तारी से बच गए और वहां से भागने में सफल रहे।
पंजाब (पाक) में एक नियम है जिसके अनुसार रात 10 बजे के बाद कोई जश्न नहीं मनेगा। साथ ही खाने में एक डिश से ज्यादा व्यंजन नहीं बनाए जाएंगे। यह नियम पूरे लाहौर में भी लागू होता है। हालांकि यह शहर शादियों में अपनी खर्चिली पार्टियों और देर रात चलने वाले जश्न के कारण जाना जाता है।
एक और क्रिकेटर भी खा चुका है जेल की हवा
ऐसा नहीं है कि सिर्फ उमर अकमल ने लाहौर में विवाह के दौरान स्थानीय कानून का उल्लंघन किया हो। इससे पहले पाकिस्तान के तेज गेंदबाज वहाब रियाज भी इस नियम को तोड़ने के आरोप का सामना कर चुके हैं।
पाकिस्तान की लाहौर पुलिस ने पिछले साल इस तेज गेंदबाज पर विवाह के दौरान स्थानीय कानून का उल्लंघन करने के आरोप में केस दर्ज किया था।
30 नवंबर को इस गेंदबाज की शादी थी, लेकिन लाहौर जिला मजिस्ट्रेट के अधिकारियों ने उनके घर पर छापा मारकर केस दर्ज कर दिया और जेल में गिरफ्तार कर लिया था।