ओलंपिक और कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक विजेता अभिनव बिंद्रा की राह पर अब शहर के युवा शूटर भी चल पड़े हैं। सिटी ब्यूटीफुल की होनहार शूटर अंजुम और हेमा का चयन स्पेन में खेली जाने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए हुआ है। स्पेन में 6-20 सितंबर तक शूटिंग के मुकाबले खेले जाएंगे।
अजुंम वर्ल्ड चैंपियनशिप में राइफल में 50 मीटर में 3 पीपी और प्रोण दो इवेंट में हिस्सा ले रही हैं। वहीं, हेमा स्पोर्ट्स राइफल में 300 मीटर में थ्री पीपी और प्रोन इवेंट में निशाना साधेंगी। पिछले महीने कुवैत में खेली गई एशियन चैंपियनशिप में अंजुम ने ब्रांज मेडल जीता था।
दिल्ली में कर रहीं ट्रेनिंग
इन दिनों वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए दिल्ली में चल रहे ट्रेनिंग प्रोग्राम में देश के कई शूटर हिस्सा ले रहे हैं। वहां पर कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में अंजुम रोजाना 6 घंटे से अधिक अभ्यास कर रही हैं।
निशाने के साथ फिजिकल फिटनेस जरूरी
अंजुम मोदगिल ने बताया कि वह भारतीय टीम की कोच दीपाली देशपांडे की निगरानी में अभ्यास कर रही हैं। उनकेअनुसार बेहतरीन निशाना साधने के लिए फिजिकल फिटनेस काफी जरूरी है।
पदक जीतने की रहेगी कोशिश
हेमा ने बताया कि वर्ल्ड चैंपियनशिप में खेलने का हर शूटर का एक सपना होता है। इसमें खेलने के लिए काफी उत्सुक हूं। हेमा ने बताया कि स्पेन में गोल्ड पर निशाना साधने की पूरी कोशिश रहेगी।
पदक जीतने की दोनों में है क्षमता
दोनों ही शूटर डीएवी कॉलेज चंडीगढ़ की छात्रा हैं। यहां के फिजिकल प्रोफेसर अमरिंदर मान के अनुसार, हेमा और अंजुम शहर की बेहतरीन शूटरों में से एक हैं। इन दोनों में पदक जीतने की काबिलियत है। उम्मीद है कि वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड जीतने में कामयाब होंगी।