नैनीताल निवासी एथलीट चंदन सिंह का जलवा अब चीन में भी दिखाई देगा। वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में चंदन सिंह का चयन 20 किलोमीटर वाक रेस के लिए किया गया है।
22 अगस्त से बीजिंग (चीन) में वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आगाज होगा। इसमें सेना की टीम से खेल रहे उत्तराखंड मूल के चंदन सिंह भी प्रतिभाग करेंगे। केरल में हुए 35वें नेशनल गेम्स में चंदन सिंह ने 20 किमी वाक रेस में दूसरा स्थान हासिल किया था।
इसके बाद नोमी में हुई एशियन चैंपियनशिप में क्वालीफाइंग टाइम के साथ चंदन ने वाक रेस पूरी की। इसके आधार पर उनका चयन वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए हुआ है।
चंदन सिंह ने बताया कि वह 10 अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के साथ ही तीन बार एशियन चैंपियनशिप और दो बार एथलेटिक्स वर्ल्ड कप में प्रतिभाग कर चुके हैं। 2013 में वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पदक से चूके चंदन मौजूदा समय में साईं सेंटर बंगलूरू में प्रशिक्षण ले रहे हैं।
चयन से चूके रवींद्र रौतेला
35वें राष्ट्रीय खेल में स्वर्ण पदक जीतने वाले उत्तराखंड पुलिस के सिपाही रवींद्र रौतेला वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करने से चूक गए।
13 जुलाई को चेन्नई में हुई सीनियर इंटर स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रवींद्र कांस्य पदक जीतने में सफल रहे थे। इस कारण वे क्वालीफाई करने से चूक गए।