चैंपियंस लीग टी-20 में शनिवार को नजारा देखने लायक होगा जब आस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका की दो घरेलू टी-ट्वंटी टीमें पर्थ स्कोरचर्स और डॉल्फिंस आमने सामने होगी। बिग बैश लीग में विजेता ट्राफी जीतकर अपना लोहा मनवा चुकी पर्थ स्कोरचर्स चैंपियंस लीग में भी धमाकेदार जीत से शुरूआत करना चाहेगी।
यह मुकाबला पीसीए स्टेडियम में शाम चार बजे होगा। पर्थ स्कोरचर्स टीम के पास कप्तान एडम वोग्स, ब्रैड हॉग, मिचेल मार्श जैसे खिलाड़ी हैं जोकि किसी भी मैच का रूख बदलने का दम रखते है। वहीं डॉल्फिंस के पास कप्तान मोरनी वेन वैक के अलावा डेरन स्मिथ और काइल जॉन एबोट जैसे गेंदबाज हैं।
दोनों टीमों ने शुक्रवार को पीसीए स्टेडियम में जमकर अभ्यास किया। मिचेल मार्श ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में बताया पिछले दो सीजन में टीम बेहतर नहीं कर पाई है। इस सीजन में टीम पूरी तैयारियों के साथ मैदान पर उतरेगी।
मार्श ने कहा कि टीम के पास युवा और अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हैं। टीम ने ट्रेनिंग सेशन में बेहतर किया है। उम्मीद है कि चैंपियंस लीग के शुरुआती मैचों में जीत दर्ज कर आगे बढ़ना चाहेगी।
सभी खिलाड़ियों के सहयोग से मिलती है जीत
डालफिंस के कप्तान मोरनी वेन वैक ने प्रेस वार्ता में बताया कि टी-20 एक अलग तरीके का फारमेट है। यहां पर कभी भी कुछ भी हो सकता है। इसमें प्रशंसक अपनी फेवरेट टीम से जल्द रन बनाते हुए देखना चाहते हैं।
वहीं, टीम के कोच लांस क्लूजनर ने कहा कि हम चैंपियंस लीग को जीतने का प्रयास करेंगे। हर मैच को एक चुनौती की तरह लेकर इसे जीतना चाहेंगे। क्लूजनर ने कहा कि फटाफट क्रिकेट में टीम के सभी खिलाड़ियों के सहयोग से जीत मिलती है।