विराट कोहली इन दिनों जबर्दस्त फॉर्म में हैं और एशिया कप में उन्होंने तीसरा शतक जमाया है। भारतीय टीम के कार्यवाहक कप्तान विराट कोहली की बांग्लादेश के खिलाफ खेली गई 136 रनों की पारी वनडे मैच में लक्ष्य का पीछा करते हुए 12वीं शतकीय पारी है जिसमें टीम को जीत मिली।
लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है जिन्होंने 14 शतक लगाए हैं और कोहली अब उनके रिकॉर्ड से महज दो शतक दूर हैं।
कोहली के करियर का यह 19वां शतक था जिसमें 13 शतक लक्ष्य का पीछा करते हुए लगाए। इस मामले में भी कोहली से आगे सिर्फ सचिन ही हैं जिन्होंने 17 शतक लगाने का कारनामा किया था।
14 महीने में 11 बार मैन ऑफ द मैच
विराट कोहली को बुधवार को खेली गई शतकीय पारी के कारण उन्हें मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। 2012 के बाद से वह 11 बार मैन ऑफ द मैच पुरस्कार जीत चुके हैं और इस दौरान कोई भी क्रिकेटर इस मामले में उनके आसपास भी नहीं है।
उनके बाद इस समयकाल में दूसरे स्थान पर श्रीलंका के दिलशान तिलकरत्ने और थिसारा परेरा बने हुए हैं जो पांच-पांच बार मैच के सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर चुने गए।
कोहली अब तक वनडे करियर में 131 मैचों में 18 बार मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार हासिल कर चुके हैं। वह महेंद्र सिंह धोनी (240 वनडे) और मोहम्मद अजहरुद्दीन (334 वनडे) के 18-18 बार यह पुरस्कार जीतने के रिकॉर्ड की बराबरी कर चुके हैं। जबकि इस मामले में सबसे ज्यादा यह पुरस्कार जीतने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है जिन्होंने 463 वनडे मैचों में 62 बार मैन ऑफ द मैच चुना गया।
कोहली की कप्तानी में खत्म हुआ 7 माह का इंतजार
साल में पहला मैच जीतने वाली टीम इंडिया के लिए यह जीत काफी राहतभरी है क्योंकि उसे विदेशी धरती पर लगातार आठ मैच से एक भी जीत नहीं मिली थी।
इत्तेफाक यह हुआ कि इस जीत से पहले भारत ने आखिरी बार पिछले साल (3 अगस्त) कोहली की ही कप्तानी में जिंबाब्वे के खिलाफ बुलावायो में किसी अंतरराष्ट्रीय मैच में जीत हासिल की थी। तब भारत ने पहली बार विदेशी धरती पर वनडे सीरीज में पहली बार 5-0 से क्लीन स्वीप किया था।
रहीम और कोहली ने कर दिया कमाल
फातुल्लाह में खेले गए वनडे मैच में एक दिलचस्प रिकॉर्ड बना। 40 साल से पुराने वनडे क्रिकेट के इतिहास में ऐसा महज दूसरी बार हुआ जब दोनों टीमों के कप्तानों ने शतक लगाया हो। पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश के कप्तान मुशफिकर रहीम ने 117 रनों की पारी खेली। यह रहीम के करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी भी रही। पहला वनडे मैच पांच जनवरी 1971 को खेला गया था।
इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की ओर से कप्तान कोहली ने भी शतक लगाया और 136 रनों की पारी खेली। इससे पहले पिछले साल तीन सितंबर को इंग्लैंड और आयरलैंड के बीच मुकाबले में दोनों टीमों के कप्तानों ने शतक ठोका था।
साथ ही कोहली का बांग्लादेश की धरती पर यह पांचवां शतक और मेजबान टीम के खिलाफ तीसरा शतक है। बांग्लादेश के खिलाफ छह पारियों में 126.50 की औसत से 506 रन बनाए हैं। कोहली बांग्लादेश की धरती पर सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने वनडे की पिछली 10 पारियों में 868 रन बनाए हैं।