देहरादून में श्री गुरु गोविंद सिंह सीनियर बैडमिंटन प्रतियोगिता में डी जुनेजा ने चार खिताबों पर कब्जा किया। डी जुनेजा ने दो एकल और दो युगल मुकाबलों में जीत दर्ज की।
वहीं आरएस पुंडीर व एएस जौहर की जोड़ी ने भी युगल वर्ग में दो खिताब अपनी झोली में डाले। इस अवसर पर उत्तराखंड की बैडमिंटन स्टार हिमांशी रावत के शानदार प्रदर्शन और उपलब्धियों पर श्री गुरु गोविंद सिंह बैडमिंटन एसोसिएशिन ने सम्मानित किया।
श्री गुरु गोविंद सिंह बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में शुक्रवार को प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले खेले गए।
45 प्लस एकल वर्ग में डी जुनेजा ने राजेश निझावन को 14-21, 21-13, 21-13 और युगल वर्ग में राजेश निझावन व डी जुनेजा की जोड़ी ने वीके मिश्रा व एसपी शर्मा को 21-15, 21-13 से हराकर खिताब जीता।
50 प्लस के एकल वर्ग में डी जुनेजा ने संजय कुमार को 21-13, 21-11, सुनील डंग व डी जुनेजा की जोड़ी ने एसके पटेट व संजय को 21-14, 21-18 से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया।
55 प्लस के युगल वर्ग में एसएस पुंडीर व एएस जौहर की जोड़ी ने एसके पटेट व टीएस रावत को 21-15, 21-17 से हराकर फाइनल जीता।
60 प्लस के एकल में आरएस राणा ने टीएस रावत को 21-14, 21-17 और युगल वर्ग में एसएस पुंडीर व एएस जौहर ने एसके पटेट व आरएस राणा को 18-21, 21-17, 21-19 से हराकर खिताब पर कब्जा किया।
समापन पर कांग्रेस उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने विजेता व उपविजेताओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर राजेंद्र सिंह राय, गुलजार सिंह, डीएस मान, बलबीर सिंह साहनी, गुरदीप सिंह टोनी, सेवा सिंह मठारू, गुरमीत सिंह आदि उपस्थित रहे।