सातवें ऑल इंडिया पुलिस बैडमिंटन चैंपियनशिप का आठ अक्तूबर को देहरादून के पुलिस लाईन में आगाज होगा। प्रतियोगिता में देशभर के पुलिस अफसरों के बीच खिताब के लिए जंग होगी। टूर्नामेंट में देश भर के 155 पुलिस अधिकारी बैडमिंटन के कोर्ट पर खुद को साबित करने के लिए उतरेंगे।
11 अक्टूबर तक चलेगा टूर्नामेंट
सोमवार को पत्रकार वार्ता में आयोजन सचिव डीआईजी अमित सिन्हा ने बताया कि पुलिस लाईन का बैडमिंटन हॉल मुख्य आयोजन स्थल है। 11 अक्तूबर तक प्रतियोगिता चलेगी।
राज्यपाल डॉ. अजीज कुरैशी टूर्नामेंट का उद्घाटन करेंगे। फाइनल मुकाबले भी यहीं खेले जाएंगे जबकि शेष मुकाबले परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देश्यीय क्रीड़ा हाल में होंगे।
अर्धसैनिक बल भी लेंगे भाग
टूर्नामेंट में नए बने राज्य तेलंगाना सहित करीब 20 राज्य शामिल हो रहे हैं। इसके साथ ही 8 केंद्रीय सुरक्षा बलों आईटीबीपी, आरपीएफ, एनएसजी, सीबीआई, आईबी, सीआरपीएफ, एसएसबी, बीएसएफ की टीमें भी प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने बताया कि आयोजन समिति का चेयरमैन डीजीपी बीएस सिद्धू हैं।
आयोजन समिति के सदस्य डीआईजी संजय गुंज्याल ने बताया कि 7 अपर पुलिस महानिदेशक, 12 पुलिस महानिरीक्षक, 17 पुलिस उप महानिरीक्षक, 27 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तथा पुलिस अधीक्षक खेलने उतरेंगे।
टूर्नामेंट में चीफ रेफरी डीके सेन और पुनीता नागलिया को बनाया गया है। इस दौरान संयुक्त आयोजन सचिव एसएसपी अजय रौतेला, एसपी सिटी अजय सिंह, एसपी ट्रैफिक प्रदीप राय मौजूद थे।
इन वर्गों में होंगे मुकाबले
टीम इवेंट के साथ ही ओपन एकल, युगल, 45 प्लस, 55 प्लस आयु वर्ग, वेटरन एकल व युगल, मिश्रित युगल के मैच खेले जाएंगे।