उत्तराखंड के होनहार अनु कुमार ने एंकल ट्वीस्ट इंजरी होने के बावजूद अपना दम-खम दिखाते हुए 61वीं राष्ट्रीय स्कूल एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2016 में 800 मीटर दौड़ में रजत पदक जीत लिया। इस नेशनल मीट में पूरे राज्य से एक ही मेडल आया है जबकि अलग-अलग वर्ग में 130 बच्चों ने प्रतिभाग किया था।
महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में नौवीं में पढ़ रहे हरिद्वार के होनहार अनु कुमार ने 61वीं राष्ट्रीय स्कूल नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2016 में 800 मीटर दौड़ में आज अंडर-17 में 1 मिनट 57 सेकेंड में दौड़ पूरी कर कर रजत पदक जीता। एमपी स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य व एथलेटिक्स कोच लोकेश शर्मा ने बताया कि पूरे राज्य से इस नेशनल एथलेटिक्स प्रतियोगिता सभी स्कूलों के 130 बालक, बालिकाएं शामिल हुई थीं।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन शाम के इवेंट 800 मीटर अंडर-17 में अनु ने 1 मिनट 57 सेकेंड में दौड़ पूरी कर रजत पदक जीता। एथलेटिक्स कोच लोकेश कुमार ने बताया एंकल ट्वीस्ट इंजरी होने की वजह से अनु स्वर्ण पदक से चूक गए। पिछले दिनों अनु को पैर में चोट लगने के कारण उसे दौड़ते हुए दर्द हो रहा है। उन्होंने कहा कि, यह बालक अंडर-14 का होने के बावजूद अंडर-17 के बच्चों को मात दे रहा है।
सितंबर-2015 में अनु ने विसाखापत्तनम नेशनल मीट में गोल्ड व नवंबर 2015 में रांची में हुई जूनियर नेशनल मीट में सिल्वर मेडल अपने नाम किया था। वहीं, हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में हुई नॉर्थ जोनल एथलेटिक्स मीट-2015 में महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के अनु कुमार ने 600 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीता था।