देहरादून में एक बार फिर बैडमिंटन का महासंग्राम शुरू होने वाला है। मंगलवार (4 अगस्त) से परेड ग्राउंड और स्पोर्ट्स कॉलेज में देश के शीर्ष वरीयता प्राप्त जूनियर खिलाड़ियों के साथ ही नए खिलाड़ी भी दम दिखाते नजर आएंगे। इसमें कुल नौ खिताबों पर देश के युवा खिलाड़ियों की नजर रहेगी।
ऑल इंडिया प्राइजमनी जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन प्रतियोगिता का आगाज 4 अगस्त से होगा। इसमें देशभर के कुल 1380 खिलाड़ी अपने खेल का जलवा दिखाएंगे। टूर्नामेंट के अंतर्गत अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की प्रतियोगिताएं खेली जाएंगी। 4 से 7 अगस्त तक क्वालीफाइंग राउंड खेले जाएंगे।
इसके लिए एक हजार से अधिक खिलाड़ियों ने एंट्री की है। इसमें 691 बालक और 315 बालिका वर्ग की खिलाड़ी हैं। टूर्नामेंट के आयोजन सचिव लोकेश ओहरी के बताया कि बालिका वर्ग के क्वालीफाइंग मुकाबले परेड ग्राउंड स्थित बहुउद्देश्यीय क्रीड़ा हॉल के बैडमिंटन कोर्ट और बालक वर्ग के क्वालीफाइंग मुकाबले स्पोर्ट्स कॉलेज स्थित बैडमिंटन हॉल में खेले जाएंगे।
मुख्य ड्रॉ के लिए बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के ऑफिशियल्स के आने के बाद मुख्य ड्रॉ के मुकाबलों की तैयारी होगी।
बस सेवा की सुविधा
ल इंडिया जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन प्रतियोगिता के आयोजन स्थल दो जगह बनाए गए हैं। इसके खिलाड़ियों की सुविधा के लिए दोनों आयोजन स्थलों के बीच बस सेवा भी लगाई जा रही है। टूर्नामेंट के आयोजन सचिव लोकेश ओहरी ने कहा कि दो बसें लगातार दोनों आयोजन सेंटर के बीच चलती रहेंगी।
स्पोर्ट्स कॉलेज में खुलेगी कैंटीन
महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में बैडमिंटन प्रतियोगिता के आयोजन स्थल बनाए जाने के साथ ही खिलाड़ियों के भोजन, नाश्ता आदि करने के लिए कैंटीन भी आयोजन समिति खोल रही है।
बताया गया कि मुख्य ड्रॉ के खिलाड़ियों और ऑफिशियल्स को खाना एसोसिएशन की ओर से दिया जाना है। क्वालीफाइंग खेलने आए खिलाड़ियों के लिए भी कैंटीन में खाने की व्यवस्था होगी। हालांकि, इसके लिए उन्हें खाने का भुगतान करना होगा।
होटलों से किया एसोसिएशन ने टाईअप
टूर्नामेंट के आयोजन सचिव ने बताया कि खिलाड़ियों और उनके परिजनों को होटल ढूंढने में अधिक परेशानी न हो, इसके लिए शहर के होटलों से टाईअप किया गया है। इनकी सूची एसोसिएशन की वेबसाइट में भी डाली गई है। सभी होटल खिलाड़ियों को 20 से 30 फीसदी तक छूट भी दे रहे हैं।