दिल्ली की कमान अब इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज केविन पीटरसन के हाथों में है जबकि टीम इंडिया को अपने मार्गदर्शन में साल 2011 में वनडे विश्वकप दिला चुके गैरी कस्टर्न टीम के कोच हैं।
वहीं, टीम के पूर्व कप्तान और विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के अलावा श्रीलंका के पूर्व कप्तान महेला जयवर्धने अब टीम का हिस्सा नहीं हैं। विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक भी दिल्ली टीम से जुड़े हैं। पिछली बार मुंबई इंडियंस के लिए खेलने वाले कार्तिक टीम के उपकप्तान भी हैं।
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए लंबे समय तक खेलने वाले ओपनर मुरली विजय भी इस बार टीम का हिस्सा बने हैं।
मुरली विजय दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज क्विंटन डी काक के साथ ओपनिंग कर सकते हैं।
विदेशी खिलाड़ियों में सबसे महंगे बिके पीटरसन, जेपी डुमिनि और न्यूजीलैंड के रोस टेलर तथा घरेलू खिलाड़ियों में मनोज तिवारी, सौरभ तिवारी और केदार जाधव से भी दिल्ली का भाग्य बदलने की उम्मीद की जा रही है। टीम में मौजूद कीवी आलराउंडर जेम्स नीशाम भी मजबूत खिलाड़ियों में हैं।
वहीं दूसरी ओर विराट कोहली के नेतृत्व वाली बंगलोर टीम भी बेहद मजबूत है। टीम के पास युवराज और कोहली के अलावा एबी डीविलियर्स, विस्फोटक कैरेबियाई बल्लेबाज क्रिस गेल, दिग्गज स्पिनर मुथैया मुरलीधरन, तेज गेंदबाज रवि रामपॉल और मिशेल स्टार्क जैसे विश्वस्तरीय खिलाड़ियों की पूरी फौज है।
विराट पिछले संस्करणों में बंगलोर की कप्तानी कर चुके हैं। विराट ने आईपीएल छह में 16 मैचों में बंगलोर के लिए 45.28 के औसत से 634 रन बनाए थे जबकि गेल ने 16 मैचो में टीम की तरफ से 59 की औसत से सर्वाधिक 708 रन बनाए थे जिसमें नाबाद 175 रनों की रिकॉर्ड पारी यादगार थी।