एशिया कप में निराशाजनक खेल के बाद टीम इंडिया ने टी-20 वर्ल्ड कप में बेहद शानदार शुरुआत करते हुए चिर-प्रतिद्वंद्वी टीम पाकिस्तान को हरा दिया है।
इस जीत के साथ ही भारत ने पिछले महीने एशिया कप में पाकिस्तान से मिली हार का बदला भी चुकता कर लिया।
टीम इंडिया के लिए यह जीत इस मायने में भी बेहद खास है क्योंकि साल 2014 में उसकी यह अब तक की सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले उसने एशिया कप में मेजबान बांग्लादेश और अफगानिस्तान जैसी कमजोर टीम को हराया था। बड़ी जीत के साथ ही इस मैच में भी कुछ दिलचस्प बाते हुई जिसे आपके समक्ष पेश कर रहे हैं।
दोनों टीमों के बीच सबसे सफल बल्लेबाज
विराट कोहली ने एक बार फिर शानदार बल्लेबाजी की और टीम को जीत के पार पहुंचाया। उन्होंने इस मैच में 32 गेंदों में 36 रनों की नाबाद पारी खेली।
उन्होंने सुरेश रैना (नाबाद 35) के साथ चौथे विकेट के लिए 66 रनों की अविजित साझेदारी भी की।
अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मैच में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए। टी-20 मैचों में कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ 179 रन बनाए हैं। वह दोनों टीमों के बीच डेढ़ सौ रनों का आंकड़ा पार करने वाले पहले बल्लेबाज भी बन गए।
भारतीय जोड़ी ने तोड़ा 7 साल पुराना रिकॉर्ड
विराट कोहली और सुरेश रैना की भारतीय जोड़ी ने चौथे विकेट के लिए 66 रनों की अविजित साझेदारी कर टी-20 वर्ल्ड कप में सात साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।
दोनों ने टी-20 क्रिकेट के सबसे बड़े मुकाबले में चौथे विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी कर रिकॉर्ड बनाया। इससे पहले यह रिकॉर्ड भारतीय बल्लेबाजों के ही नाम दर्ज था। इस रिकॉर्ड में सबसे दिलचस्प बात यह रही कि दोनों साझेदारियों में एक बाएं हाथ का और एक दाएं हाथ का बल्लेबाज शामिल रहा है।
युवराज सिंह और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने इंग्लैंड के खिलाफ 19 सितंबर, 2007 में चौथे विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी की थी। यह वही मैच है जिसमें युवराज सिंह ने स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में लगातार छह छक्के लगाने का कारनामा किया था।
टी-20 वर्ल्ड कप में भी पाक पर अजेय है भारत
टीम इंडिया ने इस जीत के साथ ही क्रिकेट के किसी भी वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को हराने का अपना कारनामा बरकरार रखा है।
टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की पाकिस्तान पर यह लगातार चौथी जीत है। टी-20 वर्ल्ड कप में पाक को पीटने की शुरुआत 14 सितंबर, 2007 को डरबन में हुई थी। यह मैच टाई हो गया था और बॉल-आउट के आधार पर मैच का परिणाम निकला और भारत मैच जीत गया।
इसके बाद टूर्नामेंट के पहले फाइनल में भारत ने पाक को 5 रन से हराया था। तीसरे टी-20 वर्ल्ड कप में भी दोनों टीमों के बीच मुकाबला हुआ था। 30 सितंबर, 2012 में भारत ने कोलंबो में पाक को 8 विकेट से हराया था। भारत को वर्ल्ड कप में पाक पर चौथी जीत ढाका में कल मिली।
वर्ल्ड कप में अब तक पाक से नहीं हारा भारत
टी-20 वर्ल्ड कप में भी भारत पाकिस्तान पर हमेशा बीस साबित हुआ है। सात साल के इस टूर्नामेंट के इतिहास में भारत ने अब तक खेले सभी चारों मैचों में पाक पर जीत हासिल की है।
वर्ल्ड कप के अलावा भारत और पाकिस्तान के बीच दो टी-20 मैच हुए हैं जिसमें भारत ने एक मैच में जीत हासिल की है।
टी-20 के अलावा टीम इंडिया ने वनडे वर्ल्ड कप में जब-जब भी पाकिस्तान का सामना किया है उसे जीत मिली है। दोनों के बीच वर्ल्ड कप में पहली मुलाकात 1992 वर्ल्ड कप में हुई और भारत ने यह मैच आसानी से जीता था।
टी-20 वर्ल्ड कप के सबसे सफल क्षेत्ररक्षक
भारतीय फिरकी गेंदबाज अमित मिश्रा ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच में लाजवाब गेंदबाजी की। उन्होंने चार ओवर में एक मेडन के साथ महज 22 रन दिए और दो विकेट भी झटके। उनकी इस लाजवाब गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच भी चुना गया।
टी-20 क्रिकेट में उन्हें पहली बार किसी मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया है।
वहीं बेहतरीन क्षेत्ररक्षण की पहचान रखने वाले सुरेश रैना आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप में तीन मैच में तीन-तीन कैच करने वाले दुनिया के पहले क्षेत्ररक्षक बन गए हैं।