श्रीलंका के महानतम क्रिकेटरों में से एक कुमार संगकारा के बारे में 10 बातें जो आपको जाननी चाहिए।
1- श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड की वेबसाइट पर अपने इस दिग्गज क्रिकेटर को एक गीत से विदाई दी गई है। इस गीत के कंपोजर हैं चित्राल सोंपाला और गीत लिखा है कालुम श्रीमल ने।
2- पी सारा ओवल वही मैदान है जहां संगकारा अपने क्रिकेट करियर को पूर्ण विराम दे रहे हैं। दिलचस्प ये है कि एशिया का यह इकलौता मैदान है जहाँ डॉन ब्रेडमैन खेले थे।
3- संगकारा टेस्ट क्रिकेट में 10,000 रनों तक सबसे तेज़ पहुंचने वाले एलीट क्लब में शामिल हैं। इस क्लब में दो और नायाब क्रिकेटर हैं भारत के सचिन तेंदुलकर और वेस्टइंडीज़ के ब्रायन लारा। इन तीनों ने 195 पारियों में यह मुकाम हासिल किया था।
4- संगकारा के आख़िरी दो टेस्ट मैचों में भारत के आर अश्विन ने संगकारा का विकेट झटका। यानी लगातार चार बार अश्विन ने संगा को विदा किया। दुनिया को कोई और गेंदबाज़ संगा के ख़िलाफ़ ये कारनामा नहीं कर सका था।
5- संगकारा की पत्नी येहाली कोलंबो में टीवी रिपोर्टर की भूमिका में नजर आईं थीं। उन्होंने यह बताए बिना की वो संगकारा की पत्नी हैं, एक ऑस्ट्रेलियाई प्रशंसक से संगकारा के बारे में सवाल पूछे।
ये बातें भी जानते हैं आप
6- ऐसा नहीं है कि संगकारा को बचपन से ही क्रिकेट सबसे अधिक पसंद था। उनकी दिलचस्पी कई खेलों में थी। कैंडी के अपने स्कूल में उन्होंने क्रिकेट के अलावा बैडमिंटन, टेनिस, तैराकी आदि कई खेलों में अच्छा प्रदर्शन किया था। बाद में स्कूल के प्रिंसिपल ने संगकारा की मां को उन्हें क्रिकेट पर फोकस करने को कहा।
7- संगकारा को आपने मैदान पर शायद ही कभी बहस करते हुए देखा हो, लेकिन मैदान के बाहर आप उन्हें बिल्कुल उल्टा पाएंगे। संगकारा के पिता वकील थे और अपने पिता के पदचिन्हों पर चलते हुए उन्होंने कानून की पढ़ाई की।
8- संगकारा अच्छे वक्ता भी हैं। संगकारा ने 2011 में लॉर्ड्स में एमसीसी स्पिरिट ऑफ क्रिकेट काउड्रे पर लेक्टर भी दिया। लगभग एक घंटे के भाषण में संगकारा ने श्रीलंका क्रिकेट के प्रशासनिक ढांचे पर सवाल उठाए थे। उनके इस भाषण की खूब प्रशंसा हुई थी और बाद में इसे श्रीलंका में स्कूल के पाठ्यक्रम में भी जोड़ा गया।
9- संगकारा चैरिटी में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। वो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) और संयुक्त राष्ट्र के कार्यक्रम थिंकवाइज इनिशिएटिव से जुड़े हैं। ये कार्यक्रम एचआईवी की रोकथाम और एड्स प्रभावित लोगों से होने वाले भेदभाव के खिलाफ है।
10- संगकारा सिर्फ विकेट के पीछे कैच नहीं पकड़ते, बल्कि वो वायलिन बजाने के भी शौकीन हैं। संगकारा को पिछले साल अगस्त में टेलीविजन पर बच्चों के बीच वायलिन बजाते हुए देखा गया था।