हरकी देवी के लगभग 45 व पंचवटी एरिया के दर्जन भर घर काफी समय से पीने के पानी को तरस रहे हैं।
वजह कोई और नहीं इनके बीच में आ रहा इंद्रप्रस्थ सोसायटी का एरिया है। अपने क्षेत्र से पानी की सप्लाई न जाने देने की जिद पर अड़ा यह एरिया आमजन ही नहीं प्रशासन की भी नाक में दम कर रहा है।
स्थिति यह है कि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने दो माह से पाइप लाइन एरिया में बिछा तो रखी हैं, लेकिन इसे मुख्य लाइन से जोड़ना टेढ़ी खीर बना हुआ है।
विवाद को निपटाने के लिए बृहस्पतिवार सायं एसडीएम दलबीर सिंह, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता टीआर पंवार व जेई नवीन मौके पर पहुंचे।
पंचवटी कॉलोनी निवासी बलवान सिंह दहिया, स्वर्ण कुमार, कप्तान सिंह, संदीप कुमार, संदीप पूनिया, नरेंद्र, संतोष, हरकिशन, रामभज, विक्रम, कृष्णा, सुनीता, सत्यनारायण, आनंद सिंह ने बताया कि वे कई साल से यहां रह रहे हैं। अब तक सरकारी पेयजल सप्लाई उनके घर तक नहीं पहुंच पाया है। शिकायत अधिकारियों को ही नहीं चंडीगढ़ मुख्य कार्यालय, वार्ड 6 के पार्षद और स्थानीय नेताओं को भी दे चुके हैं। 2009 में वोट मांगने आई मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी आशा हुड्डा को भी समस्या बताई, लेकिन केवल आश्वासन ही मिला। महिलाएं सोनीपत मार्ग पर स्थित नाले के पास लगे हैंड ंप से पानी लेकर आती हैं। यह पानी भी पीने लायक नहीं होता इसमें मिट्टी की भरमार होती है। यहां जमीनी पानी कड़वा व खारा होने के चलते समस्या अधिक बढ़ गई है। विभाग ने पाइप लाइन भी डाली, किंतु दो माह से अधिक समय बीतने के बाद भी पानी की बूंद नहीं मिली है।
पहले अनअप्रूव्ड थे तीनों एरिया
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के जेई नवीन ने बताया कि पंचवटी, हरकी देवी, इंद्रप्रस्थ हाउसिंग सोसायटी पहले अनप्रूव्ड एरिया थे। इनकी अप्रूवल मिलने के बाद इंद्रप्रस्थ ने अपनी चार दीवारी पुख्ता कर ली। यहां के लोगों ने अपने विकास कार्य जल्द पूरे करवा लिए। पाइप लाइन दबाने के साथ यहां गलियां भी पक्की बनवा दी गई। अब ये अपने क्षेत्र से आगे मुख्य पेयजल लाइन को ले नहीं जाने दे रहे। इसके अलावा वसंत विहार से भी पेयजल लाइन ले जाना असंभव है। अब बात हुई है कि इंद्रप्रस्थ एरिया के लिए अलग से कनेक्शन पास किया जाएगा। इसकी इन्हें कीमत जमा करानी होगी व सभी के घर में अलग-अलग मीटर लगेंगे। इस पर इंद्र्रप्रस्थ सोसायटी ने अपनी सहमति जता दी है। बाकी हरकी देवी व पंचवटी एरिया के लिए बीएंडआर से आग्रह किया गया है, इसकी अप्रूवल मिलते ही समस्या का समाधान हो जाएगा।
बोले अधिकारी...
स्थानीय लोगों से बातचीत हो गई है। जल्द ही हरकी देवी व पंचवटी एरिया के लोगों की पेयजल सप्लाई की समस्या का समाधान हो जाएगा।
- टीआर पंवार, कार्यकारी अभियंता, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग।