कभी मोबाइल की दुनिया का बादशाह रहा नोकिया, एंड्रोएड फोन्स के आने के बाद पिछड़ सा गया, लेकिन खोई ज़मीन तलाशने के लिए कंपनी एक बार फिर ज़ोर लगा रही है।
टेक्नोलॉजी बाज़ार में खबर है कि नोकिया एंड्रोएड फ़ोन बना रहा है। माना जा रहा है कि इस महीने बार्सेलोना में होने वाले वर्ल्ड मोबाइल कांग्रेस में इसको लॉन्च कर दिया जाएगा, लेकिन नोकिया इन खबरों पर खामोश है।
स्मार्टफ़ोन की बात हो और ऐप्स का ज़िक्र न हो, ये तो हो ही नहीं सकता।
प्रेमियों का ऐप!
ऐप बाज़ार में बीते सात दिनों में ऐसे कई ऐप्स लॉन्च किए गए हैं जो बनना चाहते हैं आपके खास दोस्त।
अपने बॉयफ्रेंड या गर्लफ्रेंड, पति या पत्नी से बिना किसी रुकावट के जुड़े रहें, इसके लिए दक्षिणी कोरिया की एक कंपनी ने बनाया है एक ऐप जिसका नाम है 'बिटवीन'।
फेसबुक, ट्विटर पर ऑनलाइन आते ही चैट पर पूरी कम्युनिटी से बेवजह की हाय-हैल्लो से बचने के लिए लॉन्च की गई है ये ऐप।
इस ऐप में आप सिर्फ अपने पार्टनर को जोड़ कर पाएंगे और उन्ही से बातचीत कर पाएंगे, वो भी बिना किसी रोड़े के। इस ऐप को अब तक 50 लाख लोगों ने डाउनलोड किया है।
'तस्वीर खींचिए और पूछिए'
वहीं, एक ऐप ऐसा भी है जो आपको तस्वीरों से नई जानकारियां दिलाने में मदद करेगा। ये जेली एंड्रोएड और आईओएस पर चलने वाला ऐप है। ये ऐप आपके सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़ जाता है और आपकी मोबाइल पर खींची हुई तस्वीरों के साथ काम करता है।
मतलब राह चलते अगर कोई मिठाई दिख जाए जिससे आप अपिरिचित हों, तो खींच लीजिए उसकी तस्वीर और ‘जेली’ भेज देगा उसे आपके सोशल मीडिया अकाउंट पर शिनाख्त के लिए।
आप किसी भी चीज़ की तस्वीर खींच सकते हैं उसे लाल घेरे में कैद कर सकते हैं और भी बहुत कुछ।
ऐप्स के सागर में गोते लगाते हुए अगर आपकों भी मिले कोई बेशकीमती ऐप जिससे हुई हो आपकी ज़िंदगी आसान तो, लिख भेजिए हमारे सोशल मीडिया अकाउंट्स पर।