खरकड़ा गांव के पास कार सवार छह युवकों ने पिस्तौल के बल पर एक ट्रक चालक और परिचालक को मारपीट कर लूट लिया।
पुलिस ने ट्रक चालक की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। ट्रक चालक दिल्ली से चुरू जा रहा था। राजस्थान के चुरू जिला के तारा नगर निवासी साबू खान दिल्ली से राजस्थान जा रहा था।
बीते शुक्रवार रात को खरकड़ा और मदीना के बीच पहुंचा तो एक गाड़ी में सवार छह युवकों ने उनके ट्रक के सामने रोड के बीचोंबीच अपनी गाड़ी अड़ा दी। युवकों ने ट्रक चालक व परिचालक को नीचे उतार लिया और उनके साथ मारपीट की।
आरोप है कि जब चालक परिचालक ने मारपीट का विरोध किया तो एक युवक ने पिस्तौल निकालकर उनके सिर में बट मार दिया। उनसे 5 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। ट्रक खड़ा देखकर एक अन्य ट्रक चालक उनके पास आया। भीतर दोनों लहूलुहान हालत में पड़े थे। किसी तरह पुलिस को सूचना दी। थाना महम प्रभारी जगबीर सिंह का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है।